नदबई नगर पालिका में भाजपा का दबदबा, कमलेश कटारा निर्विरोध अध्यक्ष
नदबई : नगर निकाय चुनाव के बीच नदबई नगर पालिका को नया अध्यक्ष मिल गया है। भाजपा प्रत्याशी कमलेश कटारा निर्विरोध नगर पालिका अध्यक्ष निर्वाचित हुई हैं। नामांकन वापसी की निर्धारित समय-सीमा समाप्त होने के बाद अध्यक्ष पद के लिए कमलेश कटारा का ही एकमात्र नामांकन मैदान में रहा। इसके बाद रिटर्निंग अधिकारी सचिन यादव ने नगर पालिका परिसर में उनके निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा करते हुए प्रमाण-पत्र सौंपा।
कमलेश कटारा इससे पहले वार्ड नंबर 35 से भाजपा प्रत्याशी के रूप में निर्विरोध पार्षद चुनी गई थीं। मंगलवार को उन्होंने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया था। उनके नामांकन में वार्ड नंबर 15 से विजयी पार्षद प्रीति कुमारी प्रस्तावक बनीं।
कमलेश कटारा के निर्विरोध अध्यक्ष बनने के साथ ही उनके परिवार की राजनीतिक मौजूदगी भी चर्चा में आ गई है। उनके पुत्र राहुल कटारा वार्ड नंबर 27 से निर्विरोध पार्षद चुने गए हैं, जबकि उनके पति घनश्याम कटारा पूर्व में नगर पालिका अध्यक्ष रह चुके हैं।
निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। समर्थकों ने आतिशबाजी कर और जयघोष के साथ खुशी जताई। नवनिर्वाचित अध्यक्ष कमलेश कटारा का माला और साफा पहनाकर अभिनंदन किया गया।
अब नई अध्यक्ष के सामने नदबई शहर की सड़क, सफाई, जल निकासी, पेयजल और जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर काम करने की जिम्मेदारी होगी। निर्विरोध निर्वाचन के बाद नगर पालिका की नई दिशा और विकास कार्यों पर अब सभी की निगाहें रहेंगी।
रिपोर्टर : देवेंद्र
No Previous Comments found.