भरतपुर को मिली निर्विरोध महापौर अनुराधा हजारी सिंह ने संभाली शहर की कमान

भरतपुर। नगर निगम भरतपुर को नया महापौर मिल गया है। भाजपा प्रत्याशी अनुराधा हजारी सिंह निर्विरोध महापौर चुने जाने के बाद आज पद और गोपनीयता की शपथ लेकर औपचारिक रूप से पदभार संभाल लिया। शपथ ग्रहण के साथ ही नगर निगम की नई राजनीतिक पारी की शुरुआत हो गई है। महापौर बनने के बाद अनुराधा हजारी सिंह ने भाजपा नेतृत्व, पार्टी कार्यकर्ताओं, भरतपुर की जनता और भजनलाल सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उन्हें मिली जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जनसेवा की भावना के साथ निभाने का प्रयास करेंगी। उन्होंने शहर के विकास और आमजन से जुड़ी समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने की बात कही।

महापौर ने अपने पहले 100 दिनों का एजेंडा भी सामने रखा है। इसमें शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर करना, पार्कों का सौंदर्यीकरण, स्ट्रीट लाइट और रोशनी व्यवस्था को मजबूत करना तथा बुनियादी सुविधाओं में सुधार प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल हैं। शपथ ग्रहण के बाद महापौर ने कहा कि नगर निगम की जिम्मेदारी केवल पद संभालने तक सीमित नहीं है, बल्कि शहरवासियों की उम्मीदों पर खरा उतरना भी उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विकास कार्यों में तेजी लाने और जनता से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से काम करने का भरोसा दिलाया।

अब भरतपुर की नजरें महापौर के पहले 100 दिनों के एजेंडे पर हैं। साफ-सफाई, पार्कों के सौंदर्यीकरण, रोशनी और बुनियादी सुविधाओं के मोर्चे पर नगर निगम आने वाले दिनों में किस रफ्तार से काम करता है, यह महत्वपूर्ण होगा। निर्विरोध महापौर बनने के बाद अनुराधा हजारी सिंह के सामने शहर की अपेक्षाओं को विकास कार्यों में बदलने की चुनौती भी रहेगी।

रिपोर्टर - देवेन्द्र सिंह सोलंकी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.