बयाना में ‘विकसित भारत जन सेवा अभियान’ का आगाज, महीनेभर होंगे जनसेवा के कार्यक्रम
बयाना : भरतपुर जिले के बयाना में राज्य सरकार के ‘विकसित भारत जन सेवा अभियान’ के तहत महीनेभर विभिन्न जनसेवा और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। नगर पालिका बयाना की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा।
अभियान की शुरुआत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से हुई। नगर पालिका क्षेत्र के सार्वजनिक स्थलों, घरों, धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों और जल स्रोतों पर दीप प्रज्वलित कर अभियान का संदेश दिया गया।
वहीं 1 अक्टूबर को उप जिला चिकित्सालय बयाना में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। शिक्षा विभाग की ओर से ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला, भाषण और निबंध प्रतियोगिताएं भी कराई जा रही हैं।
अभियान के तहत ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के माध्यम से सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की सफलता और योजनाओं के प्रभाव को सामने लाने की गतिविधियां होंगी। लाभार्थियों की रील, वीडियो और फोटो तैयार कर सोशल मीडिया एवं पोर्टल पर अपलोड किए जाने की जानकारी भी प्रेस-नोट में दी गई है।
इसके साथ ही ‘सेवा सेतु अभियान’ 7 से 16 अक्टूबर तक चलेगा। वहीं ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम के तहत 24 सितंबर और 11 अक्टूबर को सार्वजनिक स्थलों पर विभिन्न योजनाओं एवं राष्ट्रीय प्रतीकों से जुड़ी रंगोलियां बनाई जाएंगी।
यानी बयाना में अगले एक महीने तक जनसेवा, जागरूकता, प्रतिभा और सामाजिक सहभागिता से जुड़े कार्यक्रमों की श्रृंखला देखने को मिलेगी।
रिपोर्टर : देवेन्द्र

No Previous Comments found.