बयाना-उच्चैन रोड पर स्टॉक यार्डों का खेल! GST नंबर की आड़ में कारोबार के आरोप, ओवरलोड ट्रैक्टरों से हादसों को न्योता

बयाना :  बयाना-उच्चैन रोड पर गिट्टी, डस्ट और मोरम के स्टॉक यार्डों का संचालन अब गंभीर सवालों के घेरे में है। सड़क किनारे जगह-जगह लगे स्टॉक यार्डों में नियमों की पालना हो रही है या नहीं, इसकी जांच जरूरी है। आरोप हैं कि GST नंबर की आड़ में कारोबार चल रहा है, लेकिन स्टॉक की वैधता और खनन विभाग की अनुमति को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। सबसे बड़ा सवाल ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को लेकर है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में क्षमता से अधिक माल भरकर ट्रैक्टर सड़कों पर दौड़ रहे हैं। कई बार ओवरलोड के चलते ट्रैक्टरों का अगला हिस्सा हवा में उठ जाता है। ऐसे वाहन राहगीरों और दूसरे वाहन चालकों के लिए कभी भी जानलेवा साबित हो सकते हैं। पुलिस से कथित सांठगांठ के आरोप भी लगाए जा रहे हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है। धूल के गुबार में किसानों की मेहनत भी प्रभावित! स्टॉक यार्डों से उड़ने वाली डस्ट खेतों तक पहुंच रही है। किसानों का आरोप है कि फसलों पर धूल जमने से उत्पादन प्रभावित हो रहा है। इस समस्या को लेकर कई बार विरोध जताने के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं होने की बात सामने आ रही है। GST नंबर है तो क्या हर कारोबार वैध है? स्टॉक में रखे खनिज का स्रोत क्या है? संचालकों के पास जरूरी अनुमति है या नहीं? ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही? अब जरूरत है प्रशासन, खनन विभाग, परिवहन विभाग और पुलिस की संयुक्त जांच की। सवाल बड़ा है—किसानों की फसल और राहगीरों की जान की कीमत पर आखिर कब तक चलेगा यह कारोबार? क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है?

रिपोर्टर : देवेन्द्र 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.