भिवानी-हांसी मार्ग पर स्पीड ब्रेकर से उछलकर पलटी निजी बस, दो की मौत
भिवानी : प्रेम नगर के पास हुआ हादसा, एक दर्जन से अधिक घायल अस्पताल पहुंचे; सरपंच ने बस की तेज रफ्तार को बताया हादसे की वजह
भिवानी-हांसी मार्ग पर शुक्रवार शाम प्रेम नगर गांव के पास सवारियों से भरी एक निजी बस पलट गई। हादसे में गांव प्रेम नगर निवासी छात्र मोहित की मौत हो गई, जबकि बस में सवार एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग घायलों की मदद के लिए जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायलों को उपचार के लिए भिवानी के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, निजी बस नंबर HR 61 E 3024 भिवानी से हांसी की ओर जा रही थी। प्रेम नगर के पास बस स्पीड ब्रेकर से उछलकर अनियंत्रित हो गई और सड़क पर पलट गई। हादसे में बस में सवार कई यात्रियों को चोटें आईं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य में मदद की और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया।
पीएमटी की कोचिंग लेने भिवानी आता था मोहित
हादसे में जान गंवाने वाला मोहित गांव प्रेम नगर का रहने वाला था। वह भिवानी में पीएमटी की कोचिंग लेने आता था। गांव के सरपंच राजेश के अनुसार, मोहित ने बस चालक से उतरने के लिए कहा था। आरोप है कि इसके बावजूद बस की गति बढ़ा दी गई। इसी दौरान तेज रफ्तार बस स्पीड ब्रेकर से उछलकर पलट गई। हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
रिपोर्टर : अनिल यादव

No Previous Comments found.