दस महीने से फरार हत्या के मुख्य आरोपी को उत्तरप्रदेश व मध्यप्रदेश से शांतीनगर पुलिस ने दबोचा

 भिवंडी : शांतीनगर पुलिस स्टेशन की टीम ने हत्या के एक मामले में पिछले 10 महीनों से फरार चल रहे मुख्य आरोपी को गुप्त जानकारी के आधार पर इंदौर (मध्य प्रदेश) से गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा मिली जानकारी के अनुसार गु.र.नं. 1667/2024 भा.न्या.स. कलम 103, 333, 118(1), 3(5), महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम 37(1), 135 के तहत 28 अक्टूबर 2024 को मामला दर्ज हुआ था। यह मामला एकतरफा प्रेम प्रसंग में महिला की हत्या से जुड़ा है। इस वारदात में पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था, लेकिन मुख्य आरोपी राजू महेंद्र सिंह (22 वर्ष), निवासी भदोही, उत्तरप्रदेश घटना के बाद से फरार था। पुलिस की दो बार उत्तरप्रदेश जाकर की गई छापेमारी में वह नहीं मिला और उसका मोबाइल भी घटना के बाद से बंद था। हाल ही में गुप्त सूचना मिली कि आरोपी प्रयागराज में है। पुलिस टीम वहां रवाना हुई, लेकिन तकनीकी जानकारी से पता चला कि आरोपी देवासनाका, इंदौर (मध्यप्रदेश) में है। आरोपी का बड़ा भाई ट्रक ड्राइवर है, और उसके भी उसी इलाके में होने की जानकारी मिलने पर शांतीनगर पुलिस ने इंदौर क्राइम ब्रांच से संपर्क साधा। आरोपी को पकड़ने के दौरान उसने पुलिस को गुमराह करने के लिए अपना नाम सुरज बताया, लेकिन हाथ पर बने टैटू से उसकी पहचान पुख्ता हो गई। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर शांतीनगर पुलिस स्टेशन लाया गया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 8 सितंबर 2025 तक पुलिस कस्टडी में भेजा गया है। मामले की आगे की जांच पुलिस निरीक्षक अतुल अडूरकर कर रहे हैं। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त शशिकांत बोराटे, सहायक पुलिस आयुक्त सचिन सांगळे, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विनायक गायकवाड, पोनि (गुन्हे) अतुल अडूरकर, पोनि (प्रशासन) विनोद पाटील के मार्गदर्शन में की गई। तपास पथक में सहायक पुलिस निरीक्षक सुरेश चोपडे, पोहवा रिजवान सैय्यद , रोजश पाटील , निलेश महाले , पोशि प्रशांत बर्वे , रोशन जाधव , नाजीम शेख , दिपक सानप, कुशल जाधव, संजय चव्हाण, भुषण पाटील और निलेश पाटील  शामिल थे।

रिपोर्टर : मुस्तकीम खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.