भिवंडी में रिश्तों की शर्मनाक कहानी: चचेरे भाई ने 4 साल तक बहन को बनाया बलात्कार का शिकार, आरोपी फरार
भिवंडी : शहर में रिश्तों को तार-तार करने वाली घटना सामने आई है। एक नाई ने अपनी चचेरी बहन को प्रेम जाल में फंसा कर लगातार 4 वर्षों तक उसके साथ बलात्कार किया। पीड़िता की शिकायत पर भोईवाड़ा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया, जबकि आरोपी घटना के उजागर होते ही फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, आजमी नगर इलाके के टीपू सुल्तान चौक निवासी हुस्नेदिन मैनुद्दीन शाह (28) नाई का काम करता है। आरोपी ने अपनी चचेरी बहन को प्यार और शादी का झांसा दिया और 1 अगस्त 2021 से 19 सितंबर 2025 तक उसे अपने दोस्त के घर बुलाकर लगातार बलात्कार करता रहा।
जब पीड़िता ने शादी के लिए दबाव डाला, तो आरोपी ने इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का एहसास हुआ और वह भोईवाड़ा पुलिस स्टेशन पहुंची। उसने पुलिस को पूरी आपबीती सुनाई। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर बीएनएस की धारा 69 के तहत मामला दर्ज किया। घटना की जांच उप-निरीक्षक नवनाथ रूपवते कर रहे हैं। आरोपी की तलाश जारी है और पुलिस ने पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है। इस घटना ने स्थानीय लोगों में गहरी चिंता और आश्चर्य पैदा कर दिया है।
संवाददाता : मुस्तकीम खान

No Previous Comments found.