कल्याण कोर्ट के बाहर पुलिसकर्मियों से मारपीट, चार आरोपियों पर मामला दर्ज।
भिवंडी - कल्याण कोर्ट परिसर के बाहर खड़ी पुलिस गाड़ी में ही पुलिसकर्मियों से मारपीट करने की चौंकाने वाली घटना सामने आई है। इस प्रकरण में चार आरोपियों के खिलाफ महात्मा फुले चौक पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है।गुरुवार को विभिन्न मामलों के आरोपियों को कल्याण न्यायालय में पेश करने के लिए सेंट्रल पुलिस कैदीपार्टी के कर्मचारी सरकारी वाहन (क्र. MH12 XQ 6855) के साथ कोर्ट परिसर में पहुंचे थे। दोपहर करीब 1:45 बजे, गाड़ी कोर्ट पार्किंग में खड़ी थी और उसी दौरान आरोपियों व पुलिसकर्मी वाहन के अंदर मौजूद थे। आरोपी 1) आकाश वाल्मीकी, 2) गणेश उर्फ शालू मरोठिया, 3) योगेंद्र उर्फ भोलू मरोठिया और 4) विवेक यादव (सभी वर्तमान में आधारवाडी जेल, कल्याण प. में बंद) को गाड़ी में बैठने के लिए पुलिस नाईक किशोर पेटारे ने पीछे की ओर बैठने को कहा। इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए पुलिसकर्मी के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इतना ही नहीं, उन्होंने पुलिस नाईक की यूनिफॉर्म की कॉलर पकड़कर धमकाया और उनके हाथ व चेहरे पर थप्पड़ और मुक्कों से हमला किया। इसी दौरान आरोपी नंबर 1 ने पीछे से एक खाने की कैरीबैग जोर से फेंककर उनके चेहरे के दाहिने हिस्से पर मारी, जिससे उनके कान में चोट लगी।सरकारी कामकाज के दौरान हमला करने और कर्तव्य में बाधा डालने के आरोप में पुलिस नाईक किशोर पेटारे की शिकायत पर चारों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इस मामले की आगे की जांच सपोनि विनोद पाटील कर रहे हैं।
संवाददाता - मुस्तकीम खान

No Previous Comments found.