भिवंडी में जलभराव वाले इलाकों का आयुक्त अनमोल सागर ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

भिवंडी : लगातार बारिश के बीच भिवंडी शहर में उत्पन्न जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति को देखते हुए भिवंडी निजामपुर महानगरपालिका के आयुक्त अनमोल सागर (आईएएस) ने शनिवार को शहर के विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर की बाढ़ और जलभराव की स्थिति पर हर घंटे विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, ताकि हालात पर लगातार निगरानी रखी जा सके और आवश्यक कदम समय पर उठाए जा सकें।

उन्होंने कहा कि जिन इलाकों में पानी भर गया है और नागरिकों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है, वहां लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए। साथ ही प्रभावित परिवारों को समय पर फूड पैकेट और आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।

महानगरपालिका प्रशासन के अनुसार, लगातार हो रही बारिश के मद्देनज़र सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और शहर की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचें और किसी भी आपात स्थिति में महानगरपालिका के नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें।

रिपोर्टर : मुस्तकीम खान

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.