TET पेपर लीक मामला: तीन और आरोपी गिरफ्तार, गिरफ्तारियों की संख्या 10 पहुंची; मास्टरमाइंड की तलाश में कई राज्यों में दबिश

भिवंडी : महाराष्ट्र के बहुचर्चित शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पेपर लीक मामले में ठाणे पुलिस की जांच लगातार नए खुलासे कर रही है। मामले में उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित एक प्रिंटिंग प्रेस से तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इन गिरफ्तारियों के साथ अब तक इस मामले में कुल 10 आरोपी पुलिस के शिकंजे में आ चुके हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय कुमार सुरेशचंद्र शर्मा (44), बाबूलाल नारायण सिंह कुशवाह (45) और नरेश कुमार पुरनचंद माहौर उर्फ निक्की (35) के रूप में हुई है। तीनों को भिवंडी की अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें 9 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया।

जांच के दौरान पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली। फरार आरोपी कपिल दहिया को जम्मू से गिरफ्तार किया गया, जबकि उसके दो सहयोगियों सोनू सिंह और मिथुन सिंह को बिहार के पटना से हिरासत में लिया गया। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी मुख्य आरोपी बिजेंद्र कुमार गुप्ता के करीबी सहयोगी हैं और पटना में हुई एक अहम बैठक में शामिल थे। इसके बाद से ही पुलिस उनकी तलाश कर रही थी।

इससे पहले ठाणे पुलिस ने मुख्य आरोपी बिजेंद्र कुमार गुप्ता की पत्नी सुमन कुमारी को भी पटना से गिरफ्तार किया था। भिवंडी कोर्ट में पेशी के बाद अदालत ने उसे 6 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। पुलिस का कहना है कि कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी गिरफ्तारी की गई है।

जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या सुमन कुमारी के बैंक खातों का इस्तेमाल पेपर लीक से जुड़े आर्थिक लेन-देन में किया गया था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि फरार मुख्य आरोपी तक पहुंचने में उसकी क्या भूमिका रही।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे पेपर लीक रैकेट की गहन जांच जारी है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, आर्थिक लेन-देन और साजिश के पूरे तंत्र का खुलासा होने की उम्मीद है। वहीं, फरार मुख्य आरोपी बिजेंद्र कुमार गुप्ता की तलाश में ठाणे पुलिस की टीमें विभिन्न राज्यों में लगातार छापेमारी कर रही हैं।

संवाददाता : मुस्तकीम खान 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.