जन सुराज पार्टी ने शिवहर में उत्पन्न पेट्रोल संकट पर चिंता जताई
शिवहर : जन सुराज पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राघवेंद्र कुमार ने शिवहर जिले में उत्पन्न गंभीर पेट्रोल संकट पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि जिले के सभी पेट्रोल पंप बंद पड़े होने के कारण आम जनजीवन पूरी तरह से ठप हो गया है। लोगों को दैनिक आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे पूरे जिले में असहज और चिंताजनक स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि शादी-विवाह और लगन के इस महत्वपूर्ण सीजन में ईंधन की किल्लत ने आम जनता की परेशानी को कई गुना बढ़ा दिया है। ऐसे समय में प्रशासनिक सक्रियता की आवश्यकता थी, लेकिन दुर्भाग्यवश जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधि—सांसद (MP), विधायक (MLA) एवं एमएलसी—पूरी तरह मौन बने हुए हैं। यह जनता के प्रति उनकी उदासीनता को दर्शाता है, जो अत्यंत निंदनीय है। राघवेंद्र कुमार ने जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि वे तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित करें और जल्द से जल्द पेट्रोल की आपूर्ति सुनिश्चित करें, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके और जनजीवन सामान्य हो सके। उन्होंने आगे कहा कि जन सुराज पार्टी इस गंभीर स्थिति की कड़ी निंदा करती है और प्रशासन से मांग करती है कि अविलंब प्रभावी कदम उठाकर जिले में पेट्रोल की उपलब्धता बहाल की जाए।
रिपोर्टर : संजय गुप्ता

No Previous Comments found.