बिहार सरकार का बड़ा एक्शन, 11 डॉक्टर सेवा से बर्खास्त

बिहार सरकार ने लंबे समय से ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले 11 डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें सरकारी सेवा से बर्खास्त कर दिया है। कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने यह फैसला लिया।

स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने सोशल मीडिया के जरिए कार्रवाई की जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि डॉक्टर का पेशा केवल नौकरी नहीं, बल्कि मानव सेवा का संकल्प है। ऐसे में लंबे समय तक ड्यूटी से गायब रहना और अपने कर्तव्यों का पालन नहीं करना गंभीर मामला है। संबंधित डॉक्टरों के खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई करना जरूरी हो गया था।

उन्होंने प्रदेश के सभी डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों से पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की अपील की।

बिहार सरकार का कहना है कि आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग में जवाबदेही और अनुशासन बनाए रखना जरूरी है। 11 डॉक्टरों की बर्खास्तगी के जरिए सरकार ने साफ संदेश दिया है कि सरकारी अस्पतालों में ड्यूटी के प्रति लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.