60 सीटों की मांग पर अड़े सहनी, महागठबंधन में बढ़ती बेचैनी

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर महागठबंधन के भीतर सीट बंटवारे पर गतिरोध गहराता जा रहा है। इस बार नाराज़गी की सुर्खियों में हैं विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख मुकेश सहनी, जो सीटों को लेकर महागठबंधन के रवैये से नाखुश नजर आ रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, सहनी को महागठबंधन की ओर से 15-17 सीटों का ऑफर मिला है, लेकिन वे उन सीटों पर फोकस करना चाहते हैं जहां उनके उम्मीदवारों की जीत की संभावना मजबूत हो। इसी को लेकर उन्होंने आज (16 अक्टूबर 2025) दोपहर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने की योजना बनाई थी, लेकिन कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता के कॉल के बाद इसे टाल दिया गया।

मुकेश सहनी की नाराजगी की एक बड़ी वजह यह भी है कि जिन सीटों की वह मांग कर रहे हैं, उनमें से कुछ पर आरजेडी और कांग्रेस पहले ही अपने सिंबल पर उम्मीदवार तय कर रही हैं। इससे वीआईपी की स्थिति असहज हो गई है। सहनी महागठबंधन के शीर्ष नेताओं से लगातार संपर्क में हैं और समाधान की कोशिशें जारी हैं।

गौरतलब है कि मुकेश सहनी पहले भी यह कह चुके हैं कि उनके कार्यकर्ताओं की मांग है कि कम से कम 60 सीटों पर वीआईपी को लड़ना चाहिए, और उन्होंने यह भी दावा किया था कि अगर महागठबंधन सत्ता में आता है तो वह डिप्टी सीएम पद के दावेदार होंगे। हालांकि वर्तमान स्थिति को देखते हुए यह कहना मुश्किल है कि सहनी को उनकी मनचाही सीटें मिलेंगी या नहीं।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.