यूपी विधानसभा चुनाव में बिहार की पार्टियां ठोकेंगी ताल, जानिए समीकरण...
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं। सत्ताधारी दल बीजेपी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जीत की हैट्रिक लगाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। साथ ही बीजेपी के अलावा निषाद पार्टी, सुभासपा और अपना दल समेत अन्य दल अपनी-अपनी तैयारियों में जुट गई हैं
इस बार विधानसभा चुनाव में बिहार की दो पार्टियां भी ताल ठोकने जा रही हैं। चिराग पासवान की एलजेपी के बाद अब नीतीश कुमार की जेडीयू ने भी यूपी चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। यह दोनों दल एनडीए का हिस्सा हैं और बिहार में बीजेपी के साथ गठबंधन में हैं।
जेडीयू लड़ सकती है 50 सीटों पर चुनाव-
जेडीयू यूपी की 50 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड ने यूपी संगठन को मजबूत करने के लिए पदाधिकरियों की नियुक्ति कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल ने 13 प्रदेश उपाध्यक्ष, 1 प्रदेश कोषाध्यक्ष, 19 प्रदेश महासचिव, 21 प्रदेश सचिव नियुक्त कर दिए हैं। जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल ने बताया कि 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे हैं। इसी को देखते हुए संगठन को मजबूत किया जा रहा है।
पंचायत चुनाव भी लड़ेगी जेडीयू-
अध्यक्ष अनूप सिंह ने बताया कि प्रदेश उपाध्यक्ष, प्रदेश महासचिव समेत तमाम पदों पर पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करके 2027 में पूरे दमखम के साथ चुनाव लड़ेंगे। इतना ही नहीं, जेडीयू पंचायत चुनाव भी पूरी ताकत के साथ लड़ेगी। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि अभी हम अकेले दम पर 50 सीटों पर चुनाव लड़ने की अपनी तैयारी कर रहे हैं। गठबंधन को फैसला शीर्ष नेतृत्व करेगा। जिन सीटों पर चुनाव लड़ना हैं उसमें श्रावस्ती, बस्ती और बहराइच समेत कई जिले शामिल हैं। इसमें से अबतक 10-15 सीट चयनित की जा चुकी हैं। उस पर तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी के साथ यूपी में भी गठबंधन होने की पूरी संभावना है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश-
जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने निर्देश दिया है कि अपने संगठन को मजबूत करते हुए बूथ लेवल पर अपनी तैयारी करे। जो नेता चुनाव लड़ना चाहते हैं, वो अपने बूथों पर काम करना शुरू कर दे। उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव के बाद हम लोग यूपी में पूरी ताकत के साथ जुट जाएंगे। पार्टी के प्रदेश प्रभारी श्रवण कुमार ने कहा कि नई कार्यकारिणी का हर सदस्य विकास पुरुष नीतीश कुमार सरकार की नीतियों का प्रचार-प्रसार प्रदेश के कोने-कोने में करते हुए संगठन को नई ऊचाईयां देंगे। उन्होंने बताया कि नई कार्यकारिणी में प्रदेश के हर क्षेत्र, वर्ग, समुदाय और उम्र का प्रतिनिधित्व हो, इसका विशेष ध्यान रखा गया है।

No Previous Comments found.