बिट्टू तबाही का बड़ा एक्शन! दिल्ली में यमुना से एक दिन में निकला 585 किलो कचरा, अब गुरुग्राम की बारी

नदियों की सफाई को लेकर अपने अनोखे अंदाज और जमीनी प्रयासों से चर्चा में आए सुरेन्द्र सिंह चौधरी उर्फ ‘बिट्टू तबाही’ अब दिल्ली की यमुना को साफ करने में जुटे हैं। अजनार नदी की सफाई के बाद उनकी मुहिम ने देश ही नहीं, विदेशों में भी लोगों का ध्यान खींचा था। उनके काम से प्रभावित होकर नीदरलैंड्स की पर्यावरण संस्था ‘द ओशिन क्लीनअप’ के फाउंडर और सीईओ बोयन स्लैट ने भी उन्हें अपने साथ काम करने का प्रस्ताव दिया था।
 
अब बिट्टू ने यमुना की सफाई का बीड़ा उठाया है। 20 सितंबर को वर्ल्ड क्लीनअप डे के अवसर पर उन्होंने दिल्ली में यमुना घाट के आसपास सफाई अभियान शुरू किया। तीन दिन तक चलने वाले इस अभियान के पहले दिन ही उनकी टीम ने करीब 585 किलो कचरा नदी किनारे से हटाया।
 
सफाई के दौरान घाट पर बड़ी मात्रा में फूल-मालाएं, पूजा सामग्री और प्लास्टिक समेत दूसरे तरह का कचरा मिला। बिट्टू और उनके साथियों ने घंटों मेहनत कर इसे इकट्ठा किया और घाट को साफ करने की कोशिश की। अभियान को देखकर आसपास मौजूद कुछ लोग भी सफाई में शामिल हो गए।
 
बिट्टू का कहना है कि उनका उद्देश्य केवल कचरा हटाना नहीं, बल्कि लोगों को यह समझाना भी है कि नदियों और सार्वजनिक जगहों को साफ रखने में आम लोगों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उनका अभियान किसी एक नदी या शहर तक सीमित रखने की योजना नहीं है। वह देश के अलग-अलग हिस्सों में जाकर स्वच्छता को लेकर लोगों के बीच जागरूकता फैलाना चाहते हैं।
 
अब गुरुग्राम में नजर आएंगे बिट्टू
 
यमुना के बाद बिट्टू का अगला पड़ाव गुरुग्राम का खेड़की दौला बताया जा रहा है। यहां भी वह सफाई अभियान के जरिए लोगों को जोड़ने की कोशिश करेंगे। अजनार से शुरू हुई उनकी यह मुहिम अब अलग-अलग शहरों और नदियों तक पहुंचती दिखाई दे रही है।
 
सोशल मीडिया पर भी चर्चा में आया अभियान
 
यमुना घाट की सफाई से जुड़े बिट्टू के वीडियो को सोशल मीडिया पर भी अच्छी प्रतिक्रिया मिली। वीडियो सामने आने के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने इसे देखा और उनकी पहल की सराहना की। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने नदियों की सफाई और स्वच्छता को लेकर ऐसे अभियानों को जरूरी बताया।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.