भाजपा की नई टीम में संदेश भी, संकेत भी: ब्रज में लोधी कार्ड चमका, शाक्य नेतृत्व को मिला ‘सांत्वना पुरस्कार’?
उत्तर प्रदेश भाजपा की नई संगठनात्मक सूची केवल पदों का बंटवारा नहीं, बल्कि 2027 के चुनावी रण से पहले जातीय और राजनीतिक समीकरणों की नई पटकथा भी मानी जा रही है। सूची को ध्यान से देखें तो भाजपा ने एक तरफ कुछ नेताओं का कद बढ़ाया है, वहीं दूसरी ओर कुछ महत्वाकांक्षाओं पर सधे हुए अंदाज में ब्रेक भी लगाया है।
सबसे अधिक चर्चा ब्रज क्षेत्र की है, जहां पूरन लाल लोधी को क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाकर पार्टी ने लोधी समाज को मजबूत राजनीतिक संदेश दिया है। योगी सरकार में वरिष्ठ मंत्री धर्मपाल सिंह के बाद संगठन में भी लोधी नेतृत्व को जगह देना भाजपा की सामाजिक रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
वहीं दुर्विजय सिंह शाक्य को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है, लेकिन राजनीतिक हलकों में इसे उनके बढ़ते कद के मुकाबले सीमित जिम्मेदारी माना जा रहा है। जानकारों का मानना है कि पार्टी ने उन्हें सम्मान भी दिया और फिलहाल नियंत्रण भी बनाए रखा।
भाजपा की इस नई सूची में जातीय संतुलन, क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व और भविष्य की रणनीति साफ दिखाई देती है। संदेश स्पष्ट है—पार्टी पद देती है, प्रतिष्ठा देती है, लेकिन अंतिम नियंत्रण अपने हाथ में रखती है।
No Previous Comments found.