लखनऊ में आज से किताबों का महाकुंभ, गोमती पुस्तक महोत्सव में जुटेंगे लेखक और साहित्यकार
लखनऊ: लखनऊ विश्वविद्यालय में शनिवार से नौ दिवसीय गोमती पुस्तक महोत्सव 2026 की शुरुआत होने जा रही है। राष्ट्रीय पुस्तक न्यास, भारत की ओर से आयोजित पांचवें गोमती पुस्तक महोत्सव का आयोजन 12 से 20 सितंबर तक किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार सुबह 9:30 बजे इस पुस्तक मेले का उद्घाटन करेंगे। महोत्सव में प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रहेगा।
गोमती पुस्तक महोत्सव में 250 के करीब स्टॉल
इस बार गोमती पुस्तक महोत्सव में करीब 250 पुस्तक स्टॉल लगाए जाएंगे। देश के 121 प्रकाशक महोत्सव में हिस्सा ले रहे हैं। पाठकों को हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू, अवधी सहित कई भारतीय भाषाओं की हजारों किताबें एक ही जगह देखने और खरीदने का अवसर मिलेगा।
राष्ट्रीय पुस्तक न्यास के निदेशक युवराज मलिक ने बताया कि बच्चों और युवा पाठकों को जोड़ने के लिए पूरे महोत्सव के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताएं और गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
लेखकों और खास हस्तियों से मिलेंगे पाठक
लखनऊ विश्वविद्यालय में होने वाले इस पुस्तक महोत्सव में पाठकों को कई चर्चित लेखकों और विशिष्ट हस्तियों के साथ संवाद का मौका भी मिलेगा। आयोजन समिति के वरिष्ठ संयोजक चंद्र प्रकाश के अनुसार, संवाद सत्रों में दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला, लोकगायिका मालिनी अवस्थी, लेखक शांतनु गुप्ता और पद्मश्री डॉ. विद्या बिंदु सिंह समेत कई प्रमुख हस्तियां हिस्सा लेंगी।
एलयू के अर्थशास्त्र विभाग की अध्यक्ष प्रोफेसर रोली मिश्रा ने कहा कि यह आयोजन पाठकों के लिए अच्छी किताबें खरीदने के साथ-साथ लेखकों से सीधे बातचीत करने का भी अवसर देगा।
बच्चों के लिए खास ‘बाल मंडप’
गोमती पुस्तक महोत्सव 2026 में बच्चों के लिए विशेष बाल मंडप तैयार किया गया है। नेशनल सेंटर फॉर चिल्ड्रंस लिटरेचर की ओर से नौ दिनों तक बच्चों के लिए अलग-अलग रचनात्मक गतिविधियां आयोजित होंगी।
कार्यक्रमों में कठपुतली नाटक, कमिशिबाई, स्टोरीटेलिंग, वैदिक गणित, माइंडफुलनेस वर्कशॉप, क्ले आर्ट, पोस्टर मेकिंग, सुलेख, कैरिकेचर, कविता पाठ, मंडला कला और क्रिएटिव राइटिंग जैसी गतिविधियां शामिल रहेंगी।
हर शाम होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
लखनऊ पुस्तक महोत्सव में साहित्य के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। हर शाम अलग-अलग प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। इनमें पारस बैंड, कथक प्रस्तुतियां, लोक कार्यक्रम और सुगम संगीत की शाम शामिल है।
इसके अलावा बिरजू महाराज कथक संस्थान की ओर से ‘रघुवंशम्’ कथक नृत्य-नाटिका, शंभू शिखर और अन्य शायरों के साथ मुशायरा, भारतेंदु नाट्य अकादमी की नाट्य प्रस्तुति और बेगम अख्तर को समर्पित विशेष दास्तानगोई भी आयोजित की जाएगी।
राष्ट्रीय ई-पुस्तकालय से भी जुड़ेंगे युवा
महोत्सव में बच्चों और युवा पाठकों को राष्ट्रीय ई-पुस्तकालय के बारे में जानकारी देने के साथ इसके इस्तेमाल का अवसर भी मिलेगा। डिजिटल पुस्तकालय मंच पर सात हजार से अधिक ई-पुस्तकें उपलब्ध हैं।
कुल मिलाकर, लखनऊ विश्वविद्यालय का गोमती पुस्तक महोत्सव किताबों, साहित्य, संस्कृति, कला और संवाद का बड़ा मंच बनने जा रहा है। पुस्तक प्रेमियों के साथ बच्चों और युवा पाठकों के लिए भी यहां कई आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
No Previous Comments found.