बॉक्स ऑफिस पर दिलचस्प मुकाबला, ‘बॉर्डर 2’ आगे, ‘मर्दानी 3’ की पकड़ मजबूत
BY-Ujjwal Singh
बॉक्स ऑफिस पर फिल्मों के बीच जबरदस्त हलचल देखने को मिली. जहां सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ ने अपनी स्थिर कमाई से बढ़त बनाए रखी, वहीं रानी मुखर्जी की ‘मर्दानी 3’ ने भी मजबूती से टक्कर दी. दूसरी ओर, प्रभास की ‘द राजा साब’ की कमाई लगभग पूरी तरह धराशायी हो चुकी है. आइए जानते हैं मंगलवार को सिनेमाघरों में चल रही सभी बड़ी फिल्मों का हाल.

‘बॉर्डर 2’ दूसरे मंगलवार भी रही मजबूत
सनी देओल स्टारर वॉर ड्रामा ‘बॉर्डर 2’ दूसरे हफ्ते में एंट्री कर चुकी है. फिल्म की रफ्तार अब भले ही धीमी हो गई हो, लेकिन इसकी कमाई में स्थिरता बनी हुई है.Sacnilk के आंकड़ों के मुताबिक, रिलीज के 12वें दिन यानी दूसरे मंगलवार को फिल्म ने 5.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. खास बात यह रही कि यह कमाई पिछले दिन के बराबर ही रही, जो फिल्म की मजबूत पकड़ को दर्शाती है.

‘मर्दानी 3’ ने दिखाई तेजी
रानी मुखर्जी की ‘मर्दानी 3’ को भले ही मिक्स्ड रिव्यू मिले हों, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर फिल्म लगातार टिके रहने में कामयाब रही है. महिला ट्रैफिकिंग जैसे गंभीर मुद्दे पर बनी इस फिल्म ने पहले दिन 4 करोड़ से शुरुआत की थी। Sacnilk की रिपोर्ट के अनुसार, पहले मंगलवार यानी 5वें दिन फिल्म ने 2.5 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. इसके साथ ही फिल्म का कुल कलेक्शन 22.25 करोड़ रुपये हो चुका है.
‘द राजा साब’ की कमाई पूरी तरह चौपट
प्रभास स्टारर ‘द राजा साब’ बॉक्स ऑफिस पर अब आखिरी सांसें गिन रही है। 26वें दिन यानी चौथे मंगलवार को फिल्म ने महज 1 लाख रुपये की कमाई की. भारी-भरकम बजट और बड़ी उम्मीदों के बावजूद फिल्म दर्शकों को बांधने में नाकाम रही। हालांकि, वर्ल्डवाइड फिल्म का कलेक्शन 208.36 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है.
‘चथा पचा’ और ‘मना शंकरा वरा प्रसाद गारू’ का हाल
‘चथा पचा: द रिंग ऑफ़ रॉडीज़’ की कमाई में दूसरे मंगलवार को करीब 81% की भारी गिरावट दर्ज की गई और फिल्म ने सिर्फ 11 लाख रुपये कमाए. वहीं चिरंजीवी की ‘मना शंकरा वरा प्रसाद गारू’ चौथे हफ्ते में भी सम्मानजनक प्रदर्शन कर रही है और 23वें दिन 85 लाख रुपये का कलेक्शन किया. कुल मिलाकर मंगलवार को बॉक्स ऑफिस पर मुकाबला रोचक रहा.‘बॉर्डर 2’ और ‘मर्दानी 3’ जहां अपनी पकड़ बनाए हुए हैं, वहीं कुछ बड़ी फिल्में दर्शकों की कमी से जूझती नजर आईं. आने वाले दिनों में ये आंकड़े क्या मोड़ लेंगे, यह देखना दिलचस्प होगा.


No Previous Comments found.