Border 2 Runtime: सिर्फ 3 घंटे नहीं, इतनी लंबी होगी ‘बॉर्डर 2’? ‘धुरंधर’-‘एनिमल’ वाली राह पर निकले सनी देओल!
फिल्म इंडस्ट्री में जो चीजें पहले शायद हैरान करने वाली लगती थीं, अब वे आम होती जा रही हैं। जैसे कि फिल्म का बजट 1000 करोड़ रुपये तक पहुंचना या 700-1000 करोड़ रुपये में फिल्म बनाना। और इस लिस्ट में तीसरी चीज है फिल्म की लंबाई। ओटीटी प्लेटफॉर्म्स के बढ़ते क्रेज के बावजूद, मेकर्स अब भी 3 घंटे से लंबी फिल्में बनाते हैं, और दर्शक उन्हें एंजॉय भी करते हैं। इसका उदाहरण ‘धुरंधर’, ‘एनिमल’ और ‘पुष्पा 2’ जैसी फिल्मों से देखा जा सकता है।
अब लगता है कि इस लिस्ट में सनी देओल का नाम भी शामिल होने वाला है। 23 जनवरी, 2026 को उनकी बड़ी फिल्म ‘बॉर्डर 2’ रिलीज होने वाली है। इसका पहला पार्ट 1997 में आया था और 28 साल के लंबे इंतजार के बाद इसका सीक्वल आने जा रहा है। पहले से ही इसके गाने और टीजर को शानदार रिस्पॉन्स मिल चुका है। और अब खबर है कि फिल्म का फाइनल रनटाइम 3 घंटे से ज्यादा होगा। आइए जानते हैं इस नए अपडेट के बारे में।
दरअसल, 5 दिसंबर 2025 को रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ रिलीज हुई थी, जिसका कुल रनटाइम 3 घंटे 34 मिनट था। वहीं, 2024 में अल्लू अर्जुन की ‘पुष्पा 2’ आई थी, जिसकी लंबाई 3 घंटे 21 मिनट थी। इसी तरह, रणबीर कपूर की ‘एनिमल’ भी 3 घंटे 21 मिनट की थी।
नई रिपोर्ट के मुताबिक, सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ का रनटाइम भी 3 घंटे से अधिक होगा। हालांकि, इस सूची में पहले तीनों ही फिल्में ब्लॉकबस्टर साबित हुई हैं। अब सवाल ये है कि क्या सनी देओल अपनी फिल्म के जरिए ‘धुरंधर’ का रिकॉर्ड तोड़ पाएंगे?
सनी देओल की फिल्म कितने घंटे की होगी?
हाल ही में एक न्यूज पोर्टल पर खबर आई है कि ‘बॉर्डर 2’ लगभग 200 मिनट लंबी है, यानी फिल्म का रनटाइम करीब 3 घंटे 20 मिनट बताया जा रहा है। हालांकि, मेकर्स और टीम जब फिल्म को फाइनल करेंगे, तो रनटाइम में कुछ बदलाव संभव हैं। इसलिए माना जा सकता है कि यह समय 3 घंटे 20 मिनट के आसपास थोड़ा ऊपर-नीचे हो सकता है। कुछ ही दिनों में फिल्म का रनटाइम स्थिर कर दिया जाएगा और सेंसर सर्टिफिकेट मिलने के बाद इसका पूरा समय भी ऑफिशियल रूप से सामने आ जाएगा।
रिपोर्ट्स के अनुसार, मेकर्स को लगता है कि फिल्म के लिए इतना लंबा रनटाइम जरूरी था। वजह ये है कि वे चाहते हैं कि दर्शकों को फिल्म में दिखाए गए युद्ध का पूरा असर महसूस हो। इसके अलावा, फिल्म में सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी के अलग-अलग ट्रैक हैं, इसलिए उनके किरदारों को भी पर्याप्त समय देना जरूरी था।

No Previous Comments found.