27 साल पहले आई बॉर्डर के गाने ‘संदेसे आते हैं’ के लिए मिला था सोनू निगम को अवॉर्ड, सिंगर ने इस वजह से किया था रिजेक्ट
साल 2026 में कई दमदार और मनोरंजक फिल्में दर्शकों के लिए आने वाली हैं, जिनमें से एक है सनी देओल की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘बॉर्डर 2’। इस फिल्म को लेकर काफी उत्साह और चर्चा है, और यह 23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। फिल्म के निर्देशक हैं अनुराग सिंह। हाल ही में इस फिल्म का एक गाना रिलीज़ हुआ, जिसने लोगों की 27 साल पुरानी यादें फिर से ताज़ा कर दी हैं। हम बात कर रहे हैं ‘संदेसे आते हैं’ की, जो 90 के दशक के दर्शकों के लिए खास महत्व रखता है।
‘बॉर्डर 2‘ का गाना ‘संदेसे आते हैं’ कुछ दिनों पहले ही रिलीज हुआ, लेकिन जल्द ही इसने ट्रेडिंग सॉन्ग की लिस्ट में अपनी जगह बना ली. इस गाने को सोनू निगम, अरिजीत सिंह, विशाल मिश्रा और दिलजीत दोसांझ जैसे सिंगर ने आवाज दी है. लेकिन, 27 साल पहले वाले इसी गाने की बात करें, तो उसे सोनू निगम और रूप कुमार राठौर ने मिलकर गाया था. दोनों की आवाज में एक खास तालमेल था, जिसे लोगों ने खूब पसंद किया था.
अवॉर्ड से किया था इनकार
साल 1997 में रिलीज हुई जेपी दत्ता की फिल्म ‘बॉर्डर’ का गाना ‘संदेसे आते हैं’ दर्शकों के बीच बेहद हिट हुआ। गाने में इमोशनल टच देने के लिए सोनू निगम की आवाज़ की खूब तारीफ हुई। इतना ही नहीं, इस गाने के लिए सोनू निगम को फिल्मफेयर अवॉर्ड भी दिया गया था, लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार करने से इनकार कर दिया। एक पुराने इंटरव्यू में सोनू निगम ने बताया कि उस समय वह एक शूटिंग में व्यस्त थे। इसी दौरान उनके एक दोस्त ने उन्हें फोन करके यह बताया कि उन्हें ‘संदेसे आते हैं’ के लिए अवॉर्ड मिल रहा है।
क्या थी रिजेक्शन की वजह
अवॉर्ड की खबर सुनते ही सोनू निगम ने पूछा कि क्या रूप कुमार राठौड़ को भी नॉमिनेशन मिला है, क्योंकि यह गाना दोनों ने मिलकर गाया था। जवाब में कहा गया, “नहीं।” इसके बाद सोनू निगम ने ठान लिया कि अगर रूप कुमार राठौड़ को नॉमिनेट नहीं किया गया तो वह अवॉर्ड स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “अगर मैं आऊं भी तो नहीं आऊंगा।” उनके इस फैसले और कुर्बानी की कई लोगों ने सराहना की और इसे सही माना।

No Previous Comments found.