भारत आएंगे Vladimir Putin, 12-13 सितंबर को BRICS सम्मेलन में होंगे शामिल

रूस के राष्ट्रपति Vladimir Putin 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। क्रेमलिन के वरिष्ठ सलाहकार यूरी उशाकोव ने इस यात्रा की जानकारी साझा की है। वहीं, दक्षिण अफ्रीका स्थित रूसी दूतावास ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पुतिन की भारत यात्रा की पुष्टि की है।

ब्रिक्स सम्मेलन दुनिया की प्रमुख उभरती अर्थव्यवस्थाओं का एक अहम मंच माना जाता है। इसमें ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका समेत अन्य नए सदस्य देशों के शीर्ष नेता शामिल होते हैं। इस दौरान सदस्य देश व्यापार, आर्थिक साझेदारी, वैश्विक राजनीति और अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श करते हैं। साथ ही यह मंच सदस्य देशों को साझा रणनीति बनाने और वैश्विक स्तर पर अपनी आवाज मजबूत करने का अवसर देता है।

भारत ने 13 जनवरी 2026 से आधिकारिक तौर पर ब्रिक्स की अध्यक्षता संभाली है। मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों और तेजी से बदलते भू-राजनीतिक माहौल के बीच भारत ने अपनी अध्यक्षता को नए विजन और प्राथमिकताओं के साथ आगे बढ़ाने का संकेत दिया है। मकर संक्रांति की पूर्व संध्या पर विदेश मंत्री S. Jaishankar ने ब्रिक्स 2026 की थीम, लोगो और आधिकारिक वेबसाइट लॉन्च की थी।

भारत की अध्यक्षता के लिए तैयार किए गए ब्रिक्स लोगो में देश के राष्ट्रीय पुष्प कमल को प्रमुखता दी गई है। इसके केंद्र में भारतीय संस्कृति के प्रतीक ‘नमस्ते’ की भावना को दर्शाया गया है। यह डिजाइन विदेश मंत्रालय द्वारा आयोजित ओपन कॉन्टेस्ट के जरिए चुना गया, जिसमें सुदीप सुभाष गांधी के डिजाइन को अंतिम रूप से चयनित किया गया।

इस साल भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता की थीम “लचीलापन, नवाचार, सहयोग और सतत विकास” रखी गई है। यह विचार प्रधानमंत्री के ‘मानवता प्रथम’ और जन-केंद्रित दृष्टिकोण से प्रेरित बताया जा रहा है। इसके साथ ही विदेश मंत्री ने BRICS 2026 India Website भी लॉन्च की, जो भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता से जुड़ी सभी जानकारियों और अपडेट्स का प्रमुख डिजिटल प्लेटफॉर्म होगी।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.