पीएम मोदी के BRICS डिनर से गायब रहे चीनी राष्ट्रपति!

दुनिया की निगाहें इस वक्त भारत की राजधानी नई दिल्ली पर टिकी हैं, जहां चल रहा है 18वां BRICS शिखर सम्मेलन! शनिवार की रात भारत मंडपम में कुछ ऐसा हुआ, जिसने पूरी दुनिया का ध्यान खींच लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मेजबानी में सजी इस ग्रैंड डिनर पार्टी में दुनिया के तमाम दिग्गजों ने शिरकत की, लेकिन एक बड़ा नाम इस महफिल से गायब रहा....जी हां, हम बात कर रहे हैं चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की! दिनभर कूटनीतिक बैठकों और पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय चर्चाओं का हिस्सा रहने के बाद, आखिर जिनपिंग शाही डिनर छोड़कर कहां गायब हो गए? 

दरअसल, शनिवार को सम्मेलन का पहला दिन बेहद व्यस्त रहा। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग शनिवार दोपहर नई दिल्ली पहुंचे। भारत पहुंचते ही उनका कार्यक्रम बेहद व्यस्त रहा। उन्होंने BRICS सम्मेलन के सत्रों में हिस्सा लिया और इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ आमने-सामने मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बातचीत हुई। ऐसे में पूरे दिन की भागदौड़ और बैठकों के बाद शाम को जब भारत मंडपम में BRICS मेहमानों के लिए खास शाही डिनर का आयोजन किया गया, तब शी जिनपिंग वहां नजर नहीं आए। बताया जा रहा है कि दिनभर के व्यस्त कार्यक्रम के बाद शी जिनपिंग सीधे होटल चले गए और आराम करना चाहते थे। हालांकि, उनकी डिनर में गैरमौजूदगी की आधिकारिक वजह अब तक सामने नहीं आई है।

इतना ही नहीं शी जिनपिंग के अलावा अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद भी इस खास डिनर में नजर नहीं आए। उन्होंने दिन में BRICS सम्मेलन में हिस्सा लिया, लेकिन इसके बाद अपने देश लौट गए। वहीं, भारत मंडपम में आयोजित शाही दावत में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत BRICS देशों के कई शीर्ष प्रतिनिधि मौजूद रहे। भारतीय नेताओं की बात करें तो लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, अश्विनी वैष्णव और शिवराज सिंह चौहान भी डिनर में पहुंचे। राज्यों के मुख्यमंत्रियों की मौजूदगी ने भी इस आयोजन को खास बना दिया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, पश्चिम बंगाल से शुभेंदु अधिकारी और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा भी इस खास दावत में शामिल हुए। खास बात ये रही कि केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री संसद भवन से दो बसों में एक साथ सवार होकर भारत मंडपम पहुंचे।

अब बात करते हैं उस शाही दावत की, जिसकी चर्चा सिर्फ मेहमानों की मौजूदगी को लेकर ही नहीं, बल्कि उसके खास भारतीय मेन्यू को लेकर भी हो रही है। आपको बता दें BRICS के मेहमानों के लिए पूरी तरह भारतीय शाकाहारी भोजन तैयार किया गया। शुरुआत में गुजरात की मशहूर खांडवी और बेहद नरम खुंब गलौटी कबाब परोसे गए। मुख्य भोजन में मखमली पनीर लबाबदार, कश्मीरी गुच्छी मार्मिक, नारियल तेल में भुनी गाजर-बीन पोरियाल और खुशबूदार मिलेट पुलाव शामिल रहा। यानी इस दावत में भारत के अलग-अलग हिस्सों के स्वाद को एक ही थाली में परोसा गया। मीठे में भी खास इंतजाम किया गया था। पुरानी दिल्ली की मशहूर फ्रूट क्रीम के साथ कुरकुरी जलेबी और सोने की पतली परत से सजी शहतूत फिरनी मेहमानों के लिए परोसी गई। एक तरफ भारत मंडपम में दुनिया के बड़े नेताओं की महफिल सजी थी, तो दूसरी तरफ भारतीय व्यंजनों के जरिए देश की संस्कृति और स्वाद की झलक भी दुनिया के सामने पेश की गई।

तो कुल मिलाकर नई दिल्ली में BRICS का मंच कूटनीति से लेकर संस्कृति तक...हर रंग में रंगा नजर आया। दिन में बड़े नेताओं के बीच मुलाकातें और अहम बातचीत हुईं, तो रात में भारत मंडपम में शाही दावत सजी। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत कई दिग्गज नेता इस दावत का हिस्सा बने, लेकिन चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की गैरमौजूदगी ने जरूर सवाल खड़े कर दिए। हालांकि, उनकी गैरमौजूदगी की आधिकारिक वजह अभी साफ नहीं है। फिलहाल इतना जरूर है कि BRICS सम्मेलन में भारत ने कूटनीति के साथ-साथ अपनी मेहमाननवाजी और भारतीय खान-पान की समृद्ध परंपरा की भी शानदार झलक दुनिया के सामने पेश कर दी है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.