बाजार से महंगी ब्रोकली खरीदने की जरूरत नहीं, घर पर ही उगाऐं...जानिए तरीका

सब्जियों के बढ़ते दामों के बीच घर पर किचन गार्डन का चलन बढ़ रहा है। छत, बालकनी या आंगन में कम जगह के बावजूद कई सब्जियां उगाई जा सकती हैं। ब्रोकली भी ऐसी ही सब्जी है, जिसे थोड़ी देखभाल के साथ घर के सामान्य गमले में आसानी से तैयार किया जा सकता है।

सही गमले का करें चुनाव

गमले में ब्रोकली उगाने के लिए कम से कम 12 से 15 इंच गहरा और चौड़ा गमला लेना बेहतर रहता है। पौधे की जड़ों को फैलने के लिए पर्याप्त जगह चाहिए। गमले के नीचे पानी की निकासी के लिए पर्याप्त छेद जरूर होने चाहिए, ताकि पानी जमा होकर जड़ों को नुकसान न पहुंचाए।

मिट्टी और पानी का रखें ध्यान

ब्रोकली के लिए ऐसी मिट्टी इस्तेमाल करनी चाहिए जिसमें पानी आसानी से निकल सके और पौधे को जरूरी पोषक तत्व मिलते रहें। प्लास्टिक, मिट्टी या सीमेंट के गमले में इसे उगाया जा सकता है। पौधे को नियमित पानी दें, लेकिन गमले में लंबे समय तक पानी जमा न रहने दें, क्योंकि इससे जड़ों को नुकसान पहुंच सकता है।

धूप और मौसम है जरूरी

ब्रोकली ठंडे मौसम में अच्छी तरह बढ़ती है और इसके लिए पर्याप्त रोशनी जरूरी होती है। गमले को ऐसी जगह रखना चाहिए जहां रोज करीब 4 से 5 घंटे सीधी धूप मिल सके। छत या अच्छी प्राकृतिक रोशनी वाली बालकनी इसके लिए उपयुक्त जगह हो सकती है। बहुत ज्यादा गर्मी और तेज तापमान में पौधे की बढ़त प्रभावित हो सकती है।

सही समय पर करें कटाई

पौधे के बढ़ने के बाद बीच में फूल जैसी हरी गांठ बनने लगती है, यही ब्रोकली का मुख्य खाने योग्य हिस्सा होता है। जब गांठ अच्छी तरह विकसित हो जाए और उसके फूल खुलना शुरू न हुए हों, तब इसे काट लेना चाहिए। ज्यादा समय तक पौधे पर छोड़ने से ब्रोकली की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.