बसपा सुप्रिमों ने पार्टी में किया फेरबदल, आकाश आनंद ने दी प्रतिक्रिया

उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने एक बार फिर अपने भतीजे आकाश आनंद को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी में उन्हें राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किया गया है, जो बसपा सुप्रीमो के बाद दूसरा सबसे महत्वपूर्ण पद माना जाता है। इस नई भूमिका के तहत आकाश अब सीधे मायावती को रिपोर्ट करेंगे और पार्टी के कोर्डिनेटरों व प्रदेश अध्यक्षों के कार्यों की निगरानी करेंगे।
संगठन में बड़ा फेरबदल-
इस बदलाव के साथ ही बसपा में कई अहम पदों पर भी नए चेहरे सामने आए हैं। रामजी गौतम, अतर सिंह राव, राजा राम, रणधीर सिंह बेनीवाल, लालजी मेधानकर और धर्मवीर सिंह अशोक को राष्ट्रीय कोर्डिनेटर बनाया गया है। वहीं, यूपी में वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल को फिर से प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा कई अन्य राज्यों के लिए भी प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्तियां की गई हैं।
आकाश आनंद की प्रतिक्रिया-
राष्ट्रीय संयोजक बनाए जाने के बाद आकाश आनंद ने अपनी पहली प्रतिक्रिया में कहा, आदरणीय बहनजी का मुझे यह जिम्मेदारी सौंपने के लिए दिल से धन्यवाद। मैं पूरी निष्ठा, मेहनत और लगन से बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर और मान्यवर कांशीराम जी के मिशन को बहनजी के मार्गदर्शन में आगे बढ़ाने का कार्य करूंगा।
तेजी से बढ़ा कद-
गौरतलब है कि अप्रैल में बसपा में वापसी करने के करीब 41 दिन बाद आकाश आनंद को मई में पार्टी का राष्ट्रीय कोर्डिनेटर नियुक्त किया गया था। उस समय उनके लिए विशेष पद बनाया गया था। अब महज पांच महीनों में उन्हें राष्ट्रीय संयोजक जैसे महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त किया गया है, जिससे पार्टी में उनके बढ़ते कद का साफ संकेत मिलता है।
विधानसभा चुनाव से पहले बड़ी रणनीति-
यूपी और बिहार में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले मायावती ने यह बड़ा संगठनात्मक फेरबदल किया है। आकाश आनंद को पार्टी के नंबर दो पद पर बैठाकर उन्होंने यह स्पष्ट कर दिया है कि पार्टी का भविष्य नेतृत्व अब उनके हाथों में होगा।
अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आकाश आनंद पार्टी को कैसे मजबूती देंगे और आगामी चुनावों में बसपा के लिए किस तरह की रणनीति अपनाएंगे।
No Previous Comments found.