महिला दिवस पर देऊलगांव राजा में महिला बचत समूहों को रोजगार की नई दिशा
देऊलगांव राजा : 8 मार्च विश्व महिला दिवस के अवसर पर देऊलगांव राजा शहर में महिला बचत समूहों की महिलाओं के लिए विशेष मार्गदर्शन एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शहर की महिलाओं को डिजिटल और आर्थिक साक्षरता, प्रजनन स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का उद्देश्य इस कार्यक्रम के माध्यम से रखा गया।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बुलढाणा जिला परिषद की पूर्व अध्यक्षा मा. नंदाताई देववंदजी कायऺदे उपस्थित थीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता देऊलगांव राजा नगर परिषद की लोकनिर्वाचित नगराध्यक्षा माधुरीताई तुषार शिऺपणे ने की। साथ ही मार्गदर्शक के रूप में डॉ. निकिता प्रविण सोनुने (MBBS, DNB), स्टेट बैंक ऑफ इंडिया देऊलगांव राजा शाखा के मुख्य प्रबंधक पियुष चौधरी तथा महिला व बालकल्याण समिति की सभापति वैशालीताई विकास कासारे उपस्थित थीं।कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रमाता जिजाऊ, ज्ञानज्योति सावित्रीबाई फुले और माता रमाई के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि देकर की गई। इसके बाद उपस्थित मान्यवरों ने महिलाओं को विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन दिया।
मुख्य अतिथि मा. नंदाताई कायदे ने अपने संबोधन में कहा कि शहर के महिला बचत समूहों को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों और नागरिकों की मांग को ध्यान में रखते हुए छोटे-छोटे उद्योग शुरू करने के लिए नगर परिषद के माध्यम से हर संभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने महिलाओं से बचत समूहों के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बनने और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान भी किया।
डॉ. निकिता सोनुने ने महिलाओं को स्वास्थ्य, प्रजनन स्वास्थ्य तथा स्वच्छता के विषय में विस्तृत जानकारी दी। वहीं स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के मुख्य प्रबंधक पियुष चौधरी ने उपस्थित महिलाओं को डिजिटल लेनदेन, आर्थिक साक्षरता और बैंकिंग सुविधाओं के बारे में जानकारी प्रदान की।
नगराध्यक्षा माधुरीताई तुषार शिपणे ने बताया कि नगर परिषद के माध्यम से महिला बचत समूहों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न उपक्रम शुरू किए जाएंगे। साथ ही बचत समूहों को नगर परिषद के स्वामित्व वाली दुकानगालियों में व्यवसाय शुरू करने के लिए प्राथमिकता दी जाएगी, ऐसा भी उन्होंने स्पष्ट किया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के लिए कई मनोरंजक और कौशल आधारित प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। ‘गोला रिंगण’ प्रतियोगिता, ‘हथेली पर कपास रखकर फूंकने’ की प्रतियोगिता तथा ‘सिर पर पानी की बोतल रखकर चलने’ जैसी प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन प्रतियोगिताओं में क्रमशः गीता योगेश पिंगळे, अपर्णा अनिल राठोड और संगीता सुनील फुलझाडे विजेता रहीं। विजेताओं को नगर परिषद की ओर से साड़ी भेंट देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिलाओं ने एक-दूसरे को तिलगुल बांटकर महिला दिवस उत्साहपूर्वक मनाया। कार्यक्रम में शहर की लगभग 350 से 400 महिलाओं की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का संचालन सहायक परियोजना अधिकारी राजेंद्र वानखेडे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन नगर परिषद के कर्मचारी वर्ग की ओर से किया गया। कार्यक्रम की सफलता के लिए नगर परिषद के अधिकारी, कर्मचारी तथा स्वयंसेवकों ने विशेष परिश्रम किए।
रिपोर्टर : राजेश पंडित

No Previous Comments found.