घर-घर तिरंगा’ अभियान में बड़ा घोटाला? शासन ने लिया संज्ञान; जांच के आदेश जारी
बुलढाणा : “स्वतंत्रता का अमृत महोत्सव” के अंतर्गत चलाए गए ‘घर-घर तिरंगा’ जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में अमरावती संभाग में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं होने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। इस मामले में बुलढाणा जिले के सामाजिक कार्यकर्ता चंद्रकांत ज्ञानदेव खरात के लगातार प्रयासों के बाद आखिरकार शासन ने संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस अभियान के क्रियान्वयन के दौरान शासन की स्पष्ट मार्गदर्शक निर्देशों का उल्लंघन किया गया। कई स्थानों पर आवश्यक अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत ही नहीं की गई, जबकि कुछ जगहों पर अधूरी और भ्रामक जानकारी शासन को भेजे जाने का मामला उजागर हुआ है। इससे पूरे अभियान की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
इन गंभीर अनियमितताओं को लेकर चंद्रकांत खरात ने ग्राम विकास विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी। साथ ही, इस प्रकरण में उच्चस्तरीय स्वतंत्र जांच समिति के माध्यम से विस्तृत जांच की मांग भी उन्होंने लगातार की थी। उन्होंने इस अभियान में शासकीय निधि के दुरुपयोग और आर्थिक अनियमितताओं की संभावना भी जताई है।
इस बीच, महाराष्ट्र शासन के ग्राम विकास विभाग ने इस शिकायत का आधिकारिक संज्ञान लेते हुए अमरावती विभागीय आयुक्त कार्यालय को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। शिकायतकर्ता को सुनवाई का अवसर देते हुए मामले का पारदर्शी निपटारा किया जाए तथा विस्तृत रिपोर्ट शासन को प्रस्तुत की जाए, ऐसे स्पष्ट आदेश जारी किए गए हैं।इस प्रकरण में संबंधित जिला परिषद और पंचायत समिति के जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका संदेह के घेरे में आ गई है। दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई, निलंबन या अन्य कठोर प्रशासनिक कदम उठाए जाने की संभावना जताई जा रही है।इन घटनाक्रमों के कारण शासन की छवि पर असर पड़ने की आशंका व्यक्त की जा रही है, वहीं नागरिकों में भारी नाराजगी का माहौल है। इसलिए इस मामले की त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ऐसी जोरदार मांग नागरिकों की ओर से की जा रही है।
रिपोर्टर : राजेश पंडित


No Previous Comments found.