विकास लवांडे के खिलाफ देऊळगाव राजा में सैकड़ों श्रद्धालुओं की पुलिस में शिकायत

बुलढाणा - राष्ट्रवादी कांग्रेस शरदचंद्र पवार गुट के कार्यकर्ता विकास लवांडे द्वारा वारकरी संप्रदाय के संत-महंतों एवं प्रवचनकारों के बारे में कथित रूप से किए गए आपत्तिजनक बयान के बाद राज्यभर में तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इसी क्रम में देऊळगाव राजा तहसील में भी इस मामले की तीव्र प्रतिक्रिया देखने को मिली। वारकरी संप्रदाय से जुड़े सैकड़ों श्रद्धालुओं ने एकत्र होकर देऊळगाव राजा पुलिस स्टेशन में सामूहिक शिकायत दर्ज कराते हुए संबंधित व्यक्ति पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 16 अप्रैल 2026 को पुणे में मीडिया के सामने बोलते हुए विकास लवांडे ने वारकरी संप्रदाय के ऋषितुल्य संतों के बारे में कथित रूप से अपमानजनक और बेतुका बयान दिया था। इस बयान से संपूर्ण महाराष्ट्र के वारकरी, भक्तगण तथा धार्मिक भावनाओं का अपमान हुआ है, ऐसी भावना श्रद्धालुओं द्वारा व्यक्त की जा रही है।

देऊळगाव राजा पुलिस स्टेशन में दी गई शिकायत में उल्लेख किया गया है कि वारकरी परंपरा के वरिष्ठ प्रवचनकारों और संतों के बारे में अपशब्दों का प्रयोग किया गया। इससे लाखों अनुयायियों की आस्था को ठेस पहुंची है तथा धार्मिक वातावरण को दूषित करने का प्रयास किया गया है, ऐसा आरोप श्रद्धालुओं ने लगाया है।शिकायत में स्वामी श्री गोविंद गिरीजी, चारुदत्त आफळे बुवा, बंडातात्या कराडकर, आचार्य तुषार भोसले, संग्राम बापू भंडारे, योगी निरंजननाथ, गुरु शांतिनाथ, श्री एकनाथ महाराज सदगीर, श्री ज्ञानेश्वर महाराज जळगाव, श्री भास्करगिरी महाराज, संजय नाना धोंडगे, देवव्रत महाराज वासकर, चंद्रशेखर महाराज देगलूरकर, किशोर महाराज शिवणी, महंत रामगिरी महाराज, श्री भारतानंद सरस्वती, निरंजन शास्त्री कोठेकर तथा बुलढाणा जिले के संजय पाचपोर, प्रकाश महाराज जवंजाळ और उद्बोध महाराज पैठणकर सहित अनेक संतों के बारे में अवमानजनक उल्लेख किए जाने का निषेध दर्ज कराया गया है।सैकड़ों श्रद्धालुओं के हस्ताक्षरों सहित यह शिकायत पुलिस निरीक्षक ब्रह्मगिरी को सौंपी गई। संबंधित व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए, अन्यथा राज्यव्यापी आंदोलन किया जाएगा, ऐसी चेतावनी भी श्रद्धालुओं ने दी है।इस घटना के बाद देऊळगाव राजा शहर का धार्मिक वातावरण गर्मा गया है और वारकरी संप्रदाय में तीव्र रोष की लहर दिखाई दे रही है।

रिपोर्टर - राजेश पंडित

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.