जर्जर बिजली खंभे और झूलते तारों से जानलेवा खतरा

बुलढाणा - जिला देऊळगाव राजा शहर के त्र्यंबक नगर क्षेत्र में जर्जर हालत में खड़े सीमेंट के बिजली खंभों और झूलते बिजली तारों के कारण नागरिकों की जान को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। इस गंभीर समस्या को लेकर अखिल भारतीय छावा संगठन की ओर से जिला कार्याध्यक्ष संतोष राजे जाधव ने आज महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी (महावितरण) देऊळगाव राजा के कार्यकारी अभियंता को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में बताया गया है कि त्र्यंबक नगर क्षेत्र के कई सीमेंट के बिजली खंभे अत्यंत जर्जर अवस्था में हैं और वे कभी भी गिर सकते हैं। वहीं कई स्थानों पर बिजली के तार झूलते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिससे नागरिकों की सुरक्षा पर गंभीर संकट मंडरा रहा है। खास बात यह है कि कुछ तार नागरिकों के घरों के बेहद करीब से गुजर रहे हैं, जिससे क्षेत्र की महिलाओं, छोटे बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों में भय का वातावरण बना हुआ है।

इस खतरनाक स्थिति की ओर स्थानीय नागरिकों ने कई बार महावितरण कर्मचारियों का ध्यान आकर्षित किया। मौखिक शिकायतें देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे नागरिकों में तीव्र नाराजगी देखी जा रही है।
संगठन की ओर से चेतावनी दी गई है कि यदि कोई दुर्घटना घटती है और नागरिकों के जीवन को नुकसान पहुंचता है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी महावितरण प्रशासन की होगी। इसलिए जर्जर बिजली खंभों को तुरंत बदला जाए तथा झूलते पुराने तारों की जगह नए कोटिंगयुक्त सुरक्षित तार लगाए जाएं, ऐसी ठोस मांग की गई है। साथ ही प्रशासन ने यदि इन मांगों की अनदेखी की, तो लोकतांत्रिक तरीके से और कानून की सीमा में रहकर महावितरण कार्यालय के सामने त्र्यंबक नगरवासियों की ओर से तीव्र आंदोलन छेड़ा जाएगा, ऐसी चेतावनी भी ज्ञापन के माध्यम से दी गई है। इस दौरान संतोष राजे जाधव,अतिष खराट,शरद पाटील तळेकर,प्रसाद कुलकर्णी,अतिश इंगळे,अनिल काबुकडे,महेश सुरसे,आकाश शिंगणे,गजानन खांडेभराड,संदीप मापारी सहित त्र्यंबक नगर के अनेक नागरिक उपस्थित थे।

रिपोर्टर - राजेश पंडित

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.