ऑनलाइन टेंडर प्रक्रिया पर नगरसेविका की आपत्ति; री-टेंडर की मांग
देऊळगाव राजा - नगर परिषद द्वारा संचालित ऑनलाइन टेंडर प्रक्रिया पर शिवसेना की नगरसेविका श्रीमती शीतल अतिश खारट ने गंभीर आपत्ति दर्ज कराते हुए पूरी प्रक्रिया को निरस्त कर पारदर्शी तरीके से पुनः री-टेंडर (Re-Tender) जारी करने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने नगर परिषद के मुख्याधिकारी को लिखित ज्ञापन सौंपा है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि टेंडर प्रक्रिया के दौरान सभी नगरसेवकों को विश्वास में नहीं लिया गया।
ज्ञापन में कहा गया है कि देऊळगाव राजा नगर परिषद द्वारा विभिन्न विकास कार्यों के लिए ऑनलाइन टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई। लेकिन इस प्रक्रिया को प्रारंभ करने से पहले नगर परिषद के जनप्रतिनिधियों को विश्वास में नहीं लिया गया। साथ ही इस विषय पर सामान्य सभा में कोई विस्तृत जानकारी या चर्चा भी नहीं की गई।ज्ञापन के अनुसार, नगर परिषद जनप्रतिनिधियों की संस्था है और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लेते समय सभी नगरसेवकों को विश्वास में लेना आवश्यक होता है। लेकिन इस सिद्धांत की अनदेखी करते हुए जल्दबाजी में टेंडर प्रक्रिया संचालित किए जाने से नागरिकों में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हुई है तथा पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर प्रश्नचिह्न खड़े हो गए हैं।इसी कारण वर्तमान ऑनलाइन टेंडर प्रक्रिया को तत्काल स्थगित कर निरस्त किया जाए। इसके बाद सभी संबंधित दस्तावेज, नियम एवं शर्तों की जानकारी नगरसेवकों के साथ विस्तृत चर्चा के माध्यम से साझा कर पूर्ण पारदर्शिता के साथ नई री-टेंडर प्रक्रिया लागू की जाए, ऐसी स्पष्ट मांग नगरसेविका श्रीमती शीतल खारट ने की है।इसके अलावा, इस पूरे प्रकरण की आवश्यक जांच कर यदि कोई अधिकारी अथवा कर्मचारी दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध उचित प्रशासनिक कार्रवाई की जाए, ऐसी मांग भी ज्ञापन के माध्यम से की गई है।इस ज्ञापन की प्रतिलिपि बुलढाणा के जिलाधिकारी को भी भेजी गई है। अब इस मांग पर नगर परिषद प्रशासन क्या निर्णय लेता है, इस पर देऊळगाव राजा शहर के नागरिकों के साथ-साथ राजनीतिक हलकों की भी नजर बनी हुई है।
संवाददाता - राजेश पंडित
No Previous Comments found.