राजलक्ष्मी इंटरनेशनल स्कूल में वीर सपूत अंकुश मिसाळ को भावपूर्ण श्रद्धांजलि

देऊळगांव राजा : देऊळगांव राजा तहसील के मेहुना राजा निवासी तथा वर्तमान में बच्चों की शिक्षा के उद्देश्य से देऊळगांव राजा में स्थायी रूप से रह रहे राज्य के वीर सपूत जवान अंकुश मिसाळ का 26 जून को जम्मू-कश्मीर में ड्यूटी के दौरान हृदयाघात से निधन हो गया। उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।देश की रक्षा करते हुए अपने कर्तव्य का निर्वहन करने वाले वीर जवान अंकुश मिसाळ को राजलक्ष्मी इंटरनेशनल स्कूल में अत्यंत शोकपूर्ण वातावरण में भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। देश के प्रति उनके सर्वोच्च समर्पण और बलिदान को स्मरण करते हुए विद्यालय परिवार ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।विद्यालय में आयोजित विशेष शोकसभा में छात्र-छात्राएं, शिक्षक तथा शिक्षकेत्तर कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत वीर जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर विद्यार्थियों की आंखों में देश के वीर सपूत के प्रति सम्मान, गर्व और भावुकता स्पष्ट दिखाई दे रही थी।
विद्यालय के संस्थापक डॉ. रामप्रसाद शेळके ने अपने संबोधन में कहा कि, "अंकुश मिसाळ का बलिदान कभी व्यर्थ नहीं जाएगा। उनका राष्ट्रप्रेम, साहस और कर्तव्यनिष्ठा देश की युवा पीढ़ी तथा विद्यार्थियों को सदैव राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करती रहेगी।"
श्रद्धांजलि सभा में विद्यालय के सुजीत गुप्ता, प्रधानाचार्या डॉ. प्रियंका देशमुख, प्री-प्राइमरी एवं प्राइमरी विभाग की प्रधानाचार्या प्रतीक्षा इंगळे सहित समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर शिक्षकों ने विद्यार्थियों को वीर सैनिकों की देशसेवा, त्याग और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण का महत्व समझाया। वक्ताओं ने कहा कि अंकुश मिसाळ के असामयिक निधन से पूरे राज्य की अपूरणीय क्षति हुई है। राजलक्ष्मी इंटरनेशनल स्कूल परिवार इस दुख की घड़ी में मिसाळ परिवार के साथ खड़ा है तथा दिवंगत वीर जवान को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता है।

रिपोर्टर :  राजेश पंडित 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.