सड़क सुरक्षा सप्ताह के अवसर पर देऊळगाव राजा हाईस्कूल में जागरूकता कार्यक्रम

बुलडाना : बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से देऊळगाव राजा हाईस्कूल एवं कनिष्ठ महाविद्यालय में 'सड़क सुरक्षा सप्ताह' के अवसर पर विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सहायक प्रादेशिक परिवहन अधिकारी (Assistant RTO) श्रीमती सुरेखा सपकाळ ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों के पालन, सड़क सुरक्षा तथा जिम्मेदार नागरिक बनने के संबंध में अत्यंत महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया।

कार्यक्रम में सहायक आरटीओ श्रीमती सुरेखा सपकाळ, श्री गुट्ठे एवं श्री जायभाये की प्रमुख उपस्थिति रही। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की ओर से सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत कर की गई।मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए श्रीमती सुरेखा सपकाळ ने वाहन चलाते समय बरती जाने वाली सावधानियां, यातायात नियमों का पालन, सड़क सुरक्षा का महत्व, दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक उपाय, दुर्घटना के बाद नागरिकों द्वारा अपनाई जाने वाली सावधानियां तथा वैध ड्राइविंग लाइसेंस के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी, अभिभावक और नागरिक का ईमानदारी से यातायात नियमों का पालन करना आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा, "यातायात नियम केवल चालान से बचने के लिए नहीं हैं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति के अनमोल जीवन की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं। नियमों का पालन करना ही हमारी सच्ची जिम्मेदारी और सुरक्षित जीवन की सबसे बड़ी कुंजी है।"कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य श्री आर. बी. कोल्हे ने बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं के कारणों, लापरवाही के दुष्परिणामों तथा समाज पर पड़ने वाले उनके प्रभाव पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सुरक्षित यातायात के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी सामूहिक जिम्मेदारी निभानी होगी। विद्यार्थियों से अनुशासन, संयम एवं यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करते हुए स्वयं तथा दूसरों के जीवन की रक्षा करने का संकल्प लेने का आह्वान भी किया।
इस जनजागरूकता कार्यक्रम में हाईस्कूल एवं कनिष्ठ महाविद्यालय के विद्यार्थी,शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा शिक्षकेत्तर कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रा. गजानन गाडेकर ने किया, जबकि उपप्राचार्य श्री डी. वी. जाधव ने उपस्थित सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम से विद्यार्थियों में यातायात नियमों के प्रति व्यापक जागरूकता विकसित हुई तथा "सुरक्षित यातायात – सुरक्षित जीवन" का महत्वपूर्ण संदेश समाज तक प्रभावी रूप से पहुंचाया गया। 

रिपोर्टर : राजेश पंडित

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.