पाकिस्तान बॉर्डर पर अमित शाह का Bulldozer Action! 15 KM तक अवैध निर्माण हटाने का आदेश....
राजस्थान के पाकिस्तान सीमा से सटे इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सीमा से 15 किलोमीटर तक के क्षेत्र में बने अवैध ढांचों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
बीकानेर में बुधवार को हुई हाई-लेवल सुरक्षा समीक्षा बैठक में शाह ने सीमा सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, सीमा प्रबंधन विभाग के अधिकारी तथा बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर, श्रीगंगानगर और फलोदी जिलों के डीएम और एसपी मौजूद रहे।
बैठक में हर सीमावर्ती जिले के लिए “360-डिग्री सिक्योरिटी प्लान” तैयार करने पर सहमति बनी। इसका उद्देश्य स्थानीय लोगों, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के सहयोग से सीमा प्रबंधन को अधिक मजबूत और जवाबदेह बनाना है।
गृह मंत्री ने साफ कहा कि अंतरराष्ट्रीय सीमा से 0-15 किलोमीटर के भीतर मौजूद अवैध निर्माणों को चिन्हित कर हटाया जाए। साथ ही घुसपैठ, ड्रग्स तस्करी, अतिक्रमण, आतंकी फंडिंग और सीमा पार अपराधों पर लगाम लगाने के लिए BSF, NCB, CBDT और राज्य मशीनरी के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया।
जिला प्रशासन को बैंकिंग गतिविधियों की निगरानी, बड़े कारोबारों की फंडिंग जांच, शेल कंपनियों और म्यूल अकाउंट्स की पहचान, फर्जी आधार मामलों पर कार्रवाई और तस्करी रोकने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई।
साइबर अपराधों पर तेजी से कार्रवाई के लिए 1930 हेल्पलाइन के प्रभावी इस्तेमाल और नए आपराधिक कानूनों के मजबूत क्रियान्वयन पर भी चर्चा हुई।
बैठक में Vibrant Village Programme-II (VVP-II) के जरिए सीमावर्ती गांवों में बुनियादी सुविधाएं मजबूत करने, आर्थिक अपराध रोकने और सरकारी योजनाओं की शत-प्रतिशत पहुंच सुनिश्चित करने पर भी विशेष फोकस रहा।


No Previous Comments found.