सशक्त,अनुशासित एवं जनसंघर्ष से जुड़ा बनाने के उद्देश्य से एक अत्यंत आवश्यक संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई

बक्सर : बक्सर जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर अधिक सशक्त, अनुशासित एवं जनसंघर्ष से जुड़ा बनाने के उद्देश्य से एक अत्यंत आवश्यक संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडे ने की।
बैठक में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक श्री मृणाल अनामय, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य, जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता, सक्रिय कार्यकर्ता तथा बक्सर जिले के सभी प्रखंड—बक्सर, चौसा, ब्रह्मपुर,इटाढ़ी,राजपुर,सिमरी,नवानगर,केसठ एवं चक्की—के प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडे ने कहा कि कांग्रेस संगठन की वास्तविक मजबूती जिला या प्रदेश स्तर से नहीं, बल्कि प्रखंड, पंचायत और बूथ स्तर से तय होती है। उन्होंने कहा कि प्रखंड कांग्रेस कमेटियों की भूमिका अब पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण और जवाबदेह होगी। प्रत्येक प्रखंड अध्यक्ष को संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय नेतृत्व देना होगा और केवल औपचारिक पद तक सीमित रहने की प्रवृत्ति से बाहर आना होगा।
डॉ. पांडे ने स्पष्ट किया कि सभी प्रखंड कांग्रेस कमेटियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने प्रखंडों में पंचायत स्तर पर सशक्त कार्यक्रम समितियों का गठन शीघ्र सुनिश्चित करें। इन समितियों की जिम्मेदारी होगी कि वे कांग्रेस पार्टी के कार्यक्रमों, आंदोलनों, जनसंवाद एवं जनसमस्याओं से जुड़े मुद्दों को नियमित रूप से पंचायत स्तर तक पहुँचाएँ और जनता के बीच पार्टी की सक्रिय उपस्थिति बनाए रखें।
उन्होंने कहा कि प्रखंड अध्यक्षों की यह जिम्मेदारी होगी कि वे पंचायत से बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को जोड़ें, नियमित बैठकें आयोजित करें तथा जिला कांग्रेस कमेटी को संगठन की वास्तविक स्थिति से अवगत कराएँ। संगठन में निष्क्रियता, अनियमितता या उदासीनता अब स्वीकार्य नहीं होगी।
डॉ. पांडे ने बताया कि जिला कांग्रेस कमेटी एवं प्रखंड कांग्रेस कमेटियों के पुनर्गठन की प्रक्रिया संगठन को अधिक धारदार बनाने के उद्देश्य से की जा रही है, ताकि जमीनी और सक्रिय कार्यकर्ताओं को आगे आने का अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि जिला कांग्रेस कमेटी ने बीते वर्षों में किसानों, मजदूरों और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर लगातार संघर्ष किया है और आने वाले समय में यह संघर्ष और अधिक व्यापक रूप में जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि धान का उचित मूल्य न मिलना किसानों के लिए एक गंभीर समस्या है। इस विषय को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी शीघ्र ही जिलाधिकारी से मिलकर प्रतिनिधिमंडल के माध्यम से प्रभावी ढंग से अपनी मांग रखेगी।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में सभी प्रखंडों का सघन दौरा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान संगठन की स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता, पंचायत स्तर पर गठित समितियों की कार्यप्रणाली तथा जनसमस्याओं का प्रत्यक्ष आकलन किया जाएगा, ताकि संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाया जा सके।
इस अवसर पर बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक श्री मृणाल अनामय का जिला कांग्रेस कार्यालय में अंगवस्त्र एवं फूल-मालाओं से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की मजबूती के लिए प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर सक्रिय संगठन अत्यंत आवश्यक है और सभी प्रखंड अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं को निरंतर सक्रिय रहकर संगठनात्मक जिम्मेदारी निभानी होगी।
बक्सर जिला कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी केवल चुनावी सक्रियता तक सीमित रहने वाली पार्टी नहीं है। जो भी साथी स्वयं को प्रत्याशी या भावी दावेदार मानते हैं, उनसे अपेक्षा है कि वे संगठन के साथ निरंतर जुड़े रहें और केवल चुनाव के समय सक्रिय होने की प्रवृत्ति से बाहर आएँ।
जिला कांग्रेस कमेटी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी यह चाहती है कि प्रत्याशी एवं दावेदार पूरे पाँच वर्षों तक संगठनात्मक कार्यों, प्रखंड एवं पंचायत स्तरीय कार्यक्रमों, जनसंवाद एवं आंदोलनों में सक्रिय भागीदारी निभाएँ। केवल पोस्टर, बैनर, प्रचार अथवा नाम प्रकाशित कराने से नेतृत्व स्थापित नहीं होता; नेतृत्व निरंतर कार्य, अनुशासन और समर्पण से बनता है।
जो साथी संगठन के साथ समर्पित कार्यकर्ता के रूप में कार्य करेंगे, उन्हें आने वाले समय में पार्टी द्वारा उचित प्रतिनिधित्व, जिम्मेदारी एवं सम्मान अवश्य दिया जाएगा। जिला कांग्रेस कमेटी सभी प्रत्याशी एवं दावेदार साथियों से अपेक्षा करती है कि वे व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा से ऊपर उठकर संगठन हित में कार्य करें और जिले में कांग्रेस पार्टी को और अधिक मजबूत बनाने में सकारात्मक भूमिका निभाएँ।
मुख्य रूप से उपस्थित:
संजय कुमार पांडेय, संजय कुमार दुबे, राजा रमन पांडे, अजय ओझा, कमल पाठक, श्रीमती निर्मला देवी, वीरेंद्र राम, पिंकी खातून, नजमा बेगम, शबनम बेगम, रूनी बेगम, त्रिजोगी नारायण मिश्रा, कृष्णकांत दुबे, राजू रंजन वर्मा, रविंद्र राय सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे एवं अपने विचार रखें ।

रिपोर्टर : वरुण मिश्रा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.