फ्लाईदुबई घटना में घायल पायलट से PM मोदी की बात, 9 मिनट तक बढ़ाया हौसला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्लाईदुबई घटना में घायल भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से वीडियो कॉल पर बात की। करीब 9 मिनट चली इस बातचीत में प्रधानमंत्री ने कैप्टन स्मित की बहादुरी, सूझबूझ और मुश्किल परिस्थितियों में संयम बनाए रखने की सराहना की।
पीएम मोदी ने कैप्टन स्मित से कहा कि पूरा देश उनके साथ है और उनके जल्द स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना कर रहा है। प्रधानमंत्री ने मुश्किल समय में उनके साहस की तारीफ करते हुए उनका हौसला भी बढ़ाया। बातचीत के दौरान कैप्टन स्मित भावुक हो गए। उन्होंने प्रधानमंत्री से कहा कि उनसे बात करना उनके लिए बेहद खास और गर्व का पल है। स्मित ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके सबसे बड़े आदर्श हैं और उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें पीएम मोदी से सीधे बात करने का मौका मिलेगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश गर्व से कह सकता है कि भारतीय दूसरों की जान लेने वाले नहीं, बल्कि दूसरों की जान बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालने वाले लोग हैं। उन्होंने कैप्टन स्मित की हिम्मत, सूझबूझ और कठिन परिस्थितियों में संयम की विशेष रूप से सराहना की।
बातचीत में पीएम मोदी ने कैप्टन स्मित की मां गीता बेन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मां ने उन्हें भगवद्गीता की सीख और संस्कारों के साथ बड़ा किया है और स्मित के व्यवहार में उनकी परवरिश और संस्कारों की झलक दिखाई देती है। कैप्टन स्मित ने बताया कि मुश्किल परिस्थितियों में वह हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं। उन्होंने कहा कि फ्लाईदुबई घटना के दौरान भी जब हालात बेहद कठिन थे, तब वह हनुमान चालीसा पढ़ रहे थे और इससे उन्हें हिम्मत मिलती रही।
करीब 9 मिनट की इस वीडियो कॉल में प्रधानमंत्री मोदी ने कैप्टन स्मित का हौसला बढ़ाया और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। वहीं, कैप्टन स्मित ने प्रधानमंत्री से बातचीत को अपने लिए बेहद खास और गर्व का अनुभव बताया।

No Previous Comments found.