1000 रिक्शा चालकों को ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े वितरित किए गए
चंदौली : मुगलसराय में मंगलवार को लगभग 1000 रिक्शा चालकों को ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े वितरित किए गए। रामलक्ष्मी पैलेस में आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय विधायक रमेश जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
वितरण समारोह में रिक्शा चालकों को कंबल, टोपी, जैकेट,मफलर, दस्ताने और कुछ आर्थिक सहायता प्रदान की गई। विधायक जायसवाल ने स्वयं इन सामग्रियों का वितरण किया।
इस कार्यक्रम का आयोजन 'सब जग चल्लन हार ट्रस्ट' के अध्यक्ष विक्की जुनेजा, आशीष जायसवाल और पप्पू गुप्ता के तत्वावधान में हुआ। रिक्शा स्टैंड यूनियन के अध्यक्ष कयामुद्दीन अंसारी के नेतृत्व में रिक्शा चालकों को आमंत्रित किया गया था।
इस अवसर पर विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि ठंड के मौसम में मेहनतकश वर्ग की मदद करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने और सामाजिक एकता को मजबूत करने वाला बताया।
आयोजकों ने बताया कि रिक्शा चालक दिन-रात मेहनत कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। ठंड से बचाव के लिए यह एक छोटा सा प्रयास है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रिक्शा चालक उपस्थित रहे और उन्होंने आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
रिक्शा यूनियन अध्यक्ष कयामुद्दीन अंसारी ने भी विक्की जुनेजा और उनके संगठन का आभार व्यक्त किया। 'सब जग चल्लन हार ट्रस्ट' के अध्यक्ष विक्की जुनेजा ने समाज से अपील की कि केवल एक ट्रस्ट से सभी जरूरतमंदों की पूर्ति संभव नहीं है। उन्होंने अन्य ट्रस्टों और सामाजिक संगठनों से भी ऐसे सेवा कार्यों में योगदान देने का आग्रह किया। 'चढ़ती कला सेवा संस्थान' ने इस पहल में मफलर का सहयोग दिया।
रिपोर्टर : सुमित सिंह


No Previous Comments found.