बिजली विभाग की लापरवाही से ग्रामीण परेशान, डबल कनेक्शन व मनमाना बिल बना मुसीबत
चंदौली : जनपद के चकिया क्षेत्र के सिंहर व बिसनपुरवा गांवों के ग्रामीण बिजली विभाग की गंभीर लापरवाही का खामियाजा भुगतने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय अधिकारियों की अनदेखी और मनमाने रवैये के चलते उन्हें बार-बार विद्युत उपकेंद्र के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।
सिंहर निवासी लक्ष्मन चौरसिया ने बताया कि उन्हें बिना किसी जानकारी के उनके नाम पर दो बिजली कनेक्शन जारी कर दिए गए। मीटर लगाने के नाम पर आधार कार्ड लिया गया और 50 रुपये भी वसूले गए, लेकिन बाद में चकिया और शहाबगंज दोनों विद्युत उपकेंद्रों से उनके नाम पर बिजली बिल आने लगे। जबकि शहाबगंज से उन्होंने कभी बिजली नहीं ली। इसके बावजूद अधिकारियों द्वारा वहीं का बिल जमा करने का दबाव बनाया जा रहा है।
वहीं गांव की मीरा देवी ने बताया कि उनके पुत्र की किडनी खराब है और इलाज के कारण वह पहले से ही परेशान हैं। ऊपर से बिजली विभाग ने उनके नाम पर भी डबल कनेक्शन जारी कर दिया, जिससे वह लगातार विभाग के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।
कलावती देवी और रीता देवी सहित अन्य ग्रामीणों ने भी बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई और इसे पूरी तरह मनमाना बताया।
मामले में जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि दशरथ चंद्र सोनकर ने कहा कि सिंहर और बिसनपुरवा के ग्रामीणों को वर्ष 2018 में सौभाग्य योजना के तहत बिजली कनेक्शन दिया गया था, लेकिन कई घरों में मीटर नहीं लगाए गए। अब बिना मीटर के ही मनमाने तरीके से बिल भेजे जा रहे हैं और कुछ ग्रामीणों के नाम पर डबल कनेक्शन कर दिए गए हैं।
ग्रामीणों की समस्या को लेकर जब बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उनका फोन तक नहीं उठा, जिससे ग्रामीणों में और अधिक आक्रोश देखने को मिला।
रिपोर्टर : सुमित सिंह


No Previous Comments found.