चंदौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 22 लाख की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद

चंदौली : चंदौली पुलिस ने अवैध शराब तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए थाना सैयदराजा क्षेत्र में ट्रक से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब तस्करी में शामिल पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 22.50 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक चंदौली आकाश पटेल के निर्देशन में अवैध शराब और मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चन्द्रशेखर एवं क्षेत्राधिकारी सदर देवेन्द्र कुमार के नेतृत्व में थाना सैयदराजा पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई की।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एनएच-02 हाईवे के रास्ते एक ट्रक में भारी मात्रा में अवैध शराब बिहार ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर ग्राम जेठमलपुर तिराहा स्थित सम्राट होटल के पास चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान एक सफेद फॉर्च्यूनर और उसके पीछे चल रहे आइसर ट्रक को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान ट्रक और फॉर्च्यूनर में ‘पोटाश’ लिखे टीन के डिब्बों के अंदर लकड़ी के बुरादे के बीच छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने कुल 167 टीन के डिब्बों से 2224.44 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। शराब की खेप में रॉयल चैलेंज और ऑल सीजन ब्रांड की बोतलें शामिल थीं।
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि शराब चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया से लोड की गई थी और उसे बिहार के हाजीपुर-मुजफ्फरपुर मार्ग पर पहुंचाया जाना था। पुलिस से बचने के लिए शराब को लकड़ी के बुरादे में छिपाकर ‘पोटाश’ लिखे डिब्बों में पैक किया गया था। फॉर्च्यूनर गाड़ी का उपयोग ट्रक को रास्ते में लोकेशन और पास कराने के लिए किया जा रहा था।
गिरफ्तार अभियुक्तों में हरियाणा, मध्य प्रदेश और पानीपत के निवासी शामिल हैं। पुलिस ने मौके से एक आइसर ट्रक, एक फॉर्च्यूनर, छह मोबाइल फोन और नकद रुपये भी बरामद किए हैं।
पुलिस ने सभी अभियुक्तों के खिलाफ थाना सैयदराजा में आबकारी अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

रिपोर्टर : अंकित सैनी 
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.