चंदौली के मुगलसराय सड़क चौड़ीकरण को लेकर बढ़ी व्यापारियों की चिंता

चन्दौली - जनपद के पड़ाव से मुगलसराय होते हुए गोधना मोड़ तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण और सिक्स लेन निर्माण कार्य को लेकर प्रभावित व्यापारियों की चिंता बढ़ गई है। इसी मुद्दे पर बुधवार दोपहर 12 बजे उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के पदाधिकारियों ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन राजेश कुमार ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण का कार्य शासन की गाइडलाइन के अनुसार कराया जा रहा है। दुकानों पर निशान लगाए गए हैं और संबंधित व्यापारियों को पहले ही सूचना दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि कई व्यापारी स्वयं दुकानें हटाने में सहयोग कर रहे हैं। सड़क के दोनों किनारों पर फुटपाथ और ड्रेन निर्माण का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की कि जिन दुकानों को हटाया जा रहा है उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए और प्रभावित दुकानदारों के लिए वैकल्पिक स्थान की व्यवस्था की जाए। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि व्यापारी विकास कार्यों के विरोध में नहीं हैं, लेकिन आजीविका प्रभावित होने से पहले पुनर्वास जरूरी है। व्यापार मंडल ने बाजार में जाम की समस्या को देखते हुए सर्विस लेन बनाने की भी मांग उठाई। प्रशासन की ओर से बताया गया कि विस्थापित व्यापारियों के लिए जमीन चिह्नित करने की प्रक्रिया चल रही है। फिलहाल इस मुद्दे पर प्रशासन और व्यापारियों के बीच बातचीत जारी है।

रिपोर्टर : अंकित सैनी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.