चकिया-चंदौली मार्ग पर दर्दनाक हादसा: युवक की मौके पर मौत, वृद्ध गंभीर घायल
शहाबगंज : थाना क्षेत्र के चकिया-चंदौली मार्ग पर मचवल गांव के समीप रविवार को हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार सेमरा गांव निवासी रोहन विश्वकर्मा (20) चंदौली अस्पताल से लौटकर सवारी ऑटो से अपने घर आ रहा था। ऑटो जैसे ही मचवल गांव के पास पहुंचा, सामने अचानक बाइक आ जाने पर चालक नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे यूकेलिप्टस के पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में रोहन विश्वकर्मा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं ऑटो में सवार सकलडीहा थाना क्षेत्र के टेनुवर गांव निवासी राजकुमार गौतम (59) गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद चालक ऑटो छोड़कर फरार हो गया। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहत कार्य शुरू कराया और घायल को अस्पताल पहुंचाया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक का माहौल बना रहा।
एसएसआई प्रभुनाथ यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायल का उपचार चल रहा है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर : अंकित

No Previous Comments found.