शहाबगंज थाना क्षेत्र में चोरों का आतंक काली माता मंदिर का ताला तोड़कर चुरा ले गए सात घंटा

शहाबगंज : थाना क्षेत्र के तकिया महड़ौर में स्थित 80वर्ष पुरानी प्राचीन काली माता मंदिर में हुई चोरी की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है अज्ञात चोरों ने देर रात मंदिर का ताला तोड़कर सात पीतल का घंटा समेत कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया घटना के बाद ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने शहाबगंज पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए आरोप लगाया कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं के बावजूद पुलिस पूरी तरह निष्क्रिय बनी हुई है।
मंदिर के पुजारी चंद्रिका लाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि शनिवार की रात अज्ञात चोर मंदिर का ताला तोड़कर पीतल के घंटे व अन्य पूजा का सम्मान चोरी कर ले गये। सुबह जब प्रतिदिन की भांति पुजारी चंद्रिका लाल पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो मंदिर का ताला टूटा हुआ था फाटक खुला हुआ था  देखकर उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई और लोगों में पुलिस के खिलाफ नाराजगी खुलकर सामने आने लगी।
ग्रामीणों का कहना है कि तकिया महड़ौर गांव कस्बे से बिल्कुल सटा हुआ है, बावजूद इसके क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह भगवान भरोसे चल रही है। रात में पुलिस गश्त न के बराबर होती है, जिसका फायदा उठाकर चोर लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि कई बार क्षेत्र में चोरी और संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत पुलिस से की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी लापरवाही का नतीजा है कि अब चोर धार्मिक स्थलों को भी निशाना बनाने लगे हैं।
घटना को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष है महेंद्र काशीनाथ, रामकिशोर शाहनी ,रामाश्रय, पुनवासी विक्रम का कहना है कि मंदिर में चोरी केवल सामान की चोरी नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था पर हमला है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। गांव के लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चोरी की घटनाओं पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
वहीं, घटना के बाद पहुंची पुलिस ने जांच शुरू करने और जल्द खुलासे का दावा किया है। हालांकि ग्रामीण पुलिस के इन दावों पर भरोसा करने को तैयार नहीं दिख रहे हैं। इलाके में बढ़ते अपराध और पुलिस की कथित निष्क्रियता को लेकर लोगों में भय और आक्रोश दोनों लगातार बढ़ता जा रहा है।

रिपोर्टर : अंकित सैनी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.