चकिया में पुलिस मुठभेड़, ज्वेलर्स शॉप लूटकांड का आरोपी पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

चंदौली - चकिया कोतवाली क्षेत्र में ज्वेलर्स शॉप में लूट की घटना को अंजाम देने वाले शातिर आरोपी से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी,जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार 27 मई 2026 को ग्राम बसाढ़ी स्थित गोलू ज्वेलर्स की दुकान पर बाइक सवार तीन बदमाश पहुंचे थे। एक आरोपी ग्राहक बनकर चांदी की सिकड़ी देखने और मोलभाव करने लगा, जबकि दूसरे ने दुकान का शटर गिरा दिया। इसके बाद बदमाशों ने असलहा दिखाकर दुकानदार पूजा देवी को डराया और लाकर की चाबी छीनने का प्रयास किया। आरोपी कैश बॉक्स से करीब 5 हजार रुपये लेकर फरार होने की कोशिश करने लगे। विरोध करने पर दुकानदार के साथ मारपीट भी की गई। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग और पास के बैंक में मौजूद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो आरोपियों को मौके से ही पकड़ लिया, जबकि एक आरोपी फरार हो गया था। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से अवैध असलहा, कारतूस, नकदी, चांदी की सिकड़ी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी मनीष कुमार यादव निवासी कैमूर (भभुआ), बिहार ने बताया कि घटना को अंजाम देने के लिए उसने खुद को व्यापारी के रूप में प्रस्तुत करने की योजना बनाई थी और अपना अवैध असलहा अलग स्थान पर छिपाकर रखा था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम उसे असलहा बरामद कराने के लिए राजकीय हाईस्कूल बनारसिया के पीछे लेकर पहुंची। इसी दौरान आरोपी ने पहले से भरे तमंचे से पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने आरोपी के पास से .315 बोर का अवैध असलहा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


रिपोर्टर : अंकित सैनी 
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.