वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: अवैध खनन सामग्री से लदा ट्रैक्टर पकड़ा, चालक फरार
चंदौली : वन संपदा एवं प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत वन विभाग की टीम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पत्थर व ईंट (वन उपज) से लदे एक संदिग्ध ट्रैक्टर को पकड़ लिया। हालांकि ट्रैक्टर चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 12 जून 2026 को सुबह लगभग 11:20 बजे संयुक्त गश्त के दौरान वन विभाग की टीम को चकिया-शेरवा लिंक मार्ग पर ग्राम फत्तेपुर के पास एक संदिग्ध ट्रैक्टर दिखाई दिया। ट्रैक्टर पर पत्थर एवं ईंट लदा हुआ था। टीम ने जब वाहन को रोकने का प्रयास किया तो चालक ट्रैक्टर लेकर भागने लगा। वन विभाग की टीम ने पीछा करते हुए ग्राम शेरवा के पास ट्रैक्टर को पकड़ लिया। जांच में वाहन द्वारा वन उपज का अवैध परिवहन किए जाने की आशंका पाई गई। कार्रवाई के दौरान चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
वन विभाग ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर विभागीय जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच के बाद संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ वन एवं पर्यावरण संरक्षण कानूनों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में अखिलेश कुमार दुबे, रामचरित्र सिंह, रिशु चौबे तथा वनरक्षक अरविंद कुमार गौड़ एवं राधे कृष्ण मिश्रा सहित वन विभाग की टीम शामिल रही।
वन विभाग की इस कार्रवाई से अवैध खनन एवं वन उपज के अवैध परिवहन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि प्राकृतिक संसाधनों की चोरी एवं अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
रिपोर्टर : अंकित सैनी
No Previous Comments found.