जनपद की सैयदराजा पुलिस ने सोशल मीडिया पर फर्जी महिला प्रोफाइल बनाकर लोगों को अपने जाल में फंसाने और धन उगाही करने वाले एक साइबर ठग को गिरफ्तार
चंदौली : जनपद की सैयदराजा पुलिस ने सोशल मीडिया पर फर्जी महिला प्रोफाइल बनाकर लोगों को अपने जाल में फंसाने और धन उगाही करने वाले एक साइबर ठग को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन तथा तीन फर्जी आधार कार्ड बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान ग्राम बगही कुम्भापुर निवासी अभय वर्मा (24 वर्ष) को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ थाना सैयदराजा में आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत मुकदमा दर्ज है। बरामदगी के आधार पर अन्य धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन की तकनीकी जांच की, जिसमें कई Gmail और Instagram अकाउंट संचालित होने की पुष्टि हुई। तकनीकी साक्ष्यों और Meta Platforms से प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस ने विभिन्न फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइलों के बीच संबंध स्थापित किए। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी कई डिजिटल पहचान का उपयोग कर अपनी वास्तविक पहचान छिपाता था।
पुलिस के अनुसार अभय वर्मा फर्जी महिला प्रोफाइल बनाकर युवकों से बातचीत करता था और सहानुभूति, दोस्ती, दवा या मोबाइल सहायता जैसे बहाने बनाकर उनसे छोटी-छोटी धनराशि अपने खातों में मंगवाता था। बैंक खातों की जांच में भी संदिग्ध लेन-देन पाए गए हैं।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह सोशल मीडिया पर अलग-अलग पहचान बनाकर लोगों का विश्वास जीतता था और प्राप्त धनराशि का उपयोग अपने निजी खर्चों में करता था। बरामद तीन आधार कार्डों के संबंध में उसने बताया कि उनका उपयोग लोगों को विश्वास में लेने और अपनी वास्तविक पहचान छिपाने के लिए किया जाना था।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक मारकण्डेय सिंह तथा कांस्टेबल पंकज कुमार की प्रमुख भूमिका रही।
रिपोर्टर : अंकित सैनी
No Previous Comments found.