सांसद वीरेन्द्र सिंह ने ‘दिशा’ बैठक संपन्न विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

चन्दौली : जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद वीरेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जनपद में संचालित विकास परियोजनाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान सांसद ने पिछली दिशा बैठक में उठाए गए मुद्दों और विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट मांगी। सड़क निर्माण, पेयजल आपूर्ति और विद्युत विभाग से जुड़े मामलों पर कई अधिकारियों द्वारा संतोषजनक जवाब न दिए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई और कार्यों में शिथिलता पर कड़ी चेतावनी दी।

सांसद ने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी तरीके से पहुंचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा करने पर जोर दिया।

बैठक में अधूरी सड़कों, पेयजल परियोजनाओं तथा बिजली आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की गई। सांसद ने जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं कृषि विभाग की योजनाओं की प्रगति का जायजा लेते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

धान की नर्सरी तैयार करने के मद्देनजर सांसद ने नहरों में समय से पानी छोड़े जाने तथा किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में बीज, खाद और कीटनाशकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि किसानों को कृषि कार्यों के लिए किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

बैठक में राज्यसभा सांसद साधना सिंह, विधायक सुशील सिंह (सैयदराजा), विधायक कैलाश आचार्य (चकिया) तथा विधायक प्रभु नारायण यादव (सकलडीहा) सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं उठाईं और उनके समाधान के निर्देश दिए।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने अधिकारियों की ओर से आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, ब्लॉक प्रमुख तथा अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : अंकित सैनी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.