अवैध संबंधों में बाधा बना पति, पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर उतारा मौत के घाट, पुलिस ने 24 घंटो में किया मामले का खुलासा

चंदौली :  चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र में महेवा नहर के पास मिले युवक के शव के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया। पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त चाकू, बाइक, खून से सने कपड़े, दो मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, 25 जून को महेवा गौरी माइनर के पास पुलिया के नीचे एक अज्ञात व्यक्ति का गला कटा शव मिला था। बाद में शव की पहचान महादेवपुर निवासी 40 वर्षीय राजेश कुमार के रूप में हुई। मृतक के भाई ने पत्नी उर्मिला देवी, उसके प्रेमी जितेंद्र शर्मा उर्फ राहुल और विनोद पाल पर हत्या का आरोप लगाया था।
जांच में सामने आया कि 24 जून को पत्नी ने राजेश कुमार को जमीन दिखाने के बहाने घर से भेजा। रास्ते में उसे शराब पिलाई गई और देर शाम महेवा नहर के पास नशे की हालत में उसका गला रेतकर हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को नहर में फेंक दिया गया।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रेवसा अंडरपास के पास घेराबंदी कर जितेंद्र शर्मा और विनोद पाल को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उर्मिला देवी को उसके घर से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की साजिश और वारदात की बात स्वीकार की। पुलिस ने तीनों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

रिपोर्टर  : अंकित सैनी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.