कर्मनाशा नदी में नहाते समय युवक डूबा, सेवार में फंसने से गई जान,गांव में मचा कोहराम
चंदौली : कोतवाली क्षेत्र के केराडीह गांव निवासी 40 वर्षीय जसवंत उर्फ गुड्डू राम की शनिवार सुबह कर्मनाशा नदी में नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद युवक को नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, जसवंत उर्फ गुड्डू राम शनिवार सुबह गांव के समीप स्थित करनी सम्पुरवा घाट पर कर्मनाशा नदी में स्नान करने गया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया। बताया जा रहा है कि नदी के भीतर सेवार (जलीय घास) में उसका शरीर फंस गया, जिससे वह बाहर नहीं निकल सका और डूब गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गांव के एक छोटे बच्चे ने जसवंत को डूबते देखा तो शोर मचाया। बच्चे की आवाज सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने नदी से उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्रामीणों ने नदी के घाटों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाने और गहरे पानी वाले स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
रिपोर्ट: अंकित सैनी
No Previous Comments found.