एमडीएस पब्लिक स्कूल में बच्चों को वितरित किए गए प्रमाण पत्र, बढ़ाया गया उत्साह
चंदौली - मुख्यालय स्थित एम.डी.एस. पब्लिक स्कूल में उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी,लखनऊ एवं विद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित "नाद प्रवाह" शास्त्रीय गायन कार्यशाला के सफल आयोजन के उपरांत आज प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर कार्यशाला के प्रशिक्षक सतीश त्रिपाठी ने सभी प्रतिभागियों की लगन,अनुशासन एवं संगीत के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ-साथ बाहरी प्रतिभागियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यशाला में भारतीय शास्त्रीय संगीत के मूल तत्वों, स्वर साधना, लय, ताल तथा गायन की विभिन्न तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य कृष्णा तिवारी ने सभी प्रतिभागियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं तथा कहा कि ऐसे सांस्कृतिक एवं कलात्मक कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास एवं भारतीय सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने के लिए उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी, लखनऊ,प्रशिक्षकगण,विद्यालय परिवार,अभिभावकों एवं सभी प्रतिभागियों का विद्यालय की ओर से हार्दिक आभार व्यक्त किया गया।
रिपोर्टर - सुमित सिंह
No Previous Comments found.