मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों को कैशलेस कार्ड वितरण कार्यक्रम हुआ आयोजित
चंदौली : उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश के लगभग 7.5 लाख शिक्षकों एवं उनके आश्रित परिवारजनों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से प्रारंभ की गई मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आगरा से किया गया। योजना के अंतर्गत पात्र शिक्षकों एवं उनके आश्रितों को प्रतिवर्ष ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अतिरिक्त पंजाब नेशनल बैंक के साथ एक समझौता द्वारा ₹1.5 करोड़ तक का आकस्मिक (Accidental) कवर, ₹3 करोड़ तक का एयर एक्सीडेंट कवर, ओपीडी एवं डे-केयर सेवाओं के लिए 60 रुपये तक की नकद सहायता के साथ 12 लाख रुपए तक का टर्म इंश्योरेंस की सुविधाओं का लाभ भी प्रदान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का जनपद चंदौली स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में सजीव प्रसारण (YouTube Live Streaming) किया गया, जिसमें जनपद के दो अशासकीय एवं विभिन्न स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों के प्राचार्यों एवं शिक्षकों ने सहभागिता की। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में शिक्षकों के कल्याण के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि यह योजना शिक्षकों एवं उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। साथ ही उन्होंने शिक्षकों द्वारा छात्रों को बदलती हुई टेक्नोलॉजी सोशल मीडिया AI आदि के उचित उपयोग को बतलाने का आहृवाहन किया।
इसके उपरांत जिला प्रशासन के तत्वावधान में जनपद के राजकीय, सहायता प्राप्त एवं स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों के शिक्षकों को कैशलेस कार्ड वितरित किए गए। जनपद के लगभग 1100 शिक्षकों के लिए कैशलैस कार्ड तैयार किए गए हैं, जिनमें से सकलडीहा पी जी कॉलेज के 25 लाभार्थि शिक्षकों को प्रतीकात्मक रूप से कार्ड प्रदान कर योजना का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग जी ने किया तथा मुख्य अतिथि रमेश जायसवाल विधायक पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के साथ-साथ विधायक सैयद राजा तथा चकिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। विधायक रमेश जायसवाल ने अपने वक्तव्य में कहा कि मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों एवं उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने वाली अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है, जिससे गंभीर बीमारियों के उपचार में आर्थिक बोझ कम होगा तथा समय पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। साथ ही नए समाज के निर्माण में किस प्रकार से शिक्षक अपना योगदान दे सकते हैं इस पर अपने विचार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारी, जनपद चंदौली के लिए मॉडल कार्यक्रम नोडल अधिकारी प्रोफेसर सुकृति मिश्रा प्राचार्य पंडित कमलापति त्रिपाठी राजकीय महाविद्यालय तथा उप नोडल अधिकारी प्रोफेसर प्रदीप कुमार पाण्डेय प्राचार्य सकलडीहा पीजी कॉलेज एवं विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन अनुराग पांडे ने किया। कार्यक्रम का समापन नोडल अधिकारी प्रोफेसर सुकृति मिश्रा के द्वारा अतिथियों का आभार व्यक्त करने के साथ हुआ।
रिपोर्टर : सुमित सिंह
No Previous Comments found.