एमडीएस पब्लिक स्कूल में सावन के पहले सोमवार पर "सावन का उत्सव" का हुआ भव्य आयोजन

चंदौली : मुख्यालय स्थित एमडीएस पब्लिक स्कूल में सोमवार को सावन उत्सव का आयोजन अत्यंत उत्साह, उल्लास और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं के अनुरूप किया गया है। सावन केवल एक ऋतु नहीं, बल्कि प्रकृति, संस्कृति और संवेदनाओं का उत्सव है। हमारा उद्देश्य विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ अपनी संस्कृति, लोक परंपराओं और पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी जागरूक बनाना है।

नन्हे बच्चों द्वारा पौधारोपण कर 'एक पौधा–एक संकल्प' का संदेश दिया गया। कक्षा 1 से 4 के विद्यार्थियों ने चित्रकला प्रतियोगिता के माध्यम से सावन की हरियाली को अपनी कल्पनाओं में उकेरा। वहीं कक्षा 5 से 10 तक की छात्राओं ने कजरी गायन तथा छात्रों ने लोकगीत प्रस्तुत कर भारतीय लोक-संस्कृति की सुंदर झलक दिखाई। इसके साथ ही कबड्डी प्रतियोगिता और मेहंदी प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, ऊर्जा और रचनात्मकता को एक नया मंच प्रदान किया।

हमारा विश्वास है कि ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच तथा अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान का विकास करते हैं।

प्रधानाचार्य कृष्णा तिवारी के द्वारा विद्यालय परिवार, सभी शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को इस सफल आयोजन के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी गई साथ ही उन्होंने आग्रह किया कि आइए, हम सभी मिलकर हरियाली, पर्यावरण संरक्षण और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएँ।

रिपोर्टर : सुमित सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.