बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत किशोरियों ने दिखाई प्रतिभा, बढ़ा आत्मविश्वास
चंदौली : बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र की किशोरियों को शिक्षा, अधिकारों, स्वास्थ्य, लैंगिक समानता एवं आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से महिला कल्याण विभाग और अमर ज्योति संस्था द्वारा ग्राम पंचायत बरठी में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किशोरियों ने उत्साह और उमंग के साथ प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा एवं रचनात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया।
आयोजित प्रतियोगिताओं में कविता लेखन, भाषण, देशभक्ति गीत एवं चित्रकला सहित विभिन्न गतिविधियां शामिल रहीं। किशोरियों ने अपनी रचनात्मक सोच, अभिव्यक्ति कौशल और प्रतिभा के माध्यम से सभी का ध्यान आकर्षित किया। प्रतियोगिताओं ने उन्हें अपनी बात खुलकर रखने तथा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का मंच प्रदान किया।
कार्यक्रम के दौरान किशोरियों को बालिका शिक्षा, बाल अधिकार, लैंगिक समानता, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता तथा बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें शिक्षा को अपने सशक्तिकरण का आधार बनाकर अपने लक्ष्य निर्धारित करने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।
प्रतियोगिताओं में कुल 85 किशोरियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र, स्मृति चिह्न एवं अन्य पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” के संदेश को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाना तथा किशोरियों को शिक्षा, समान अवसर और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा।
इस अवसर पर महिला कल्याण विभाग की रागिनी सिंह, जिला चाइल्डलाइन सुपरवाइजर संध्या यादव, जिला जेंडर स्पेशलिस्ट पुष्पा, शिल्पा चौरसिया, अमर ज्योति के कोऑर्डिनेटर सुजीत कुमार, आकाश मौर्या, संभा यादव, काजल सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : सुमित सिंह
No Previous Comments found.